24.9 C
Kolkata
Saturday, February 28, 2026

रोशनी खलखो बनी रांची की मेयर, जनता को दिया जीत का श्रेय

* कांग्रेस समर्थित रमा खलखो को 14,363 मतों से हराया
* रोशनी खलखो को 1,57,669 वोट मिले
* मेयर पद के लिए 11 प्रत्याशी मैदान में थे

रांची । झारखंड की राजधानी रांची में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समर्थित उम्मीदवार रोशनी खलखो मेयर बन गई हैं। उन्होंने शुक्रवार को कांग्रेस समर्थित रमा खलखो को 14,363 वोटों से हराया। रोशनी को 1,57,669 वोट मिले, जबकि रमा को 1,43,306 वोट मिले। पांच राउंड में हुई मतगणना का परिणाम रात 12 बजे घोषित किया गया। रोशनी ने पहले राउंड से ही बढ़त हासिल की और यह अंत तक बनी रही। मेयर पद के लिए 11 प्रत्याशी मैदान में थे, लेकिन मुख्य मुकाबला रोशनी-रमा के बीच रहा। अन्य नौ प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई है।

यह जीत आम लोगों की जीत : रोशनी खलखो
रोशनी खलखो ने जीत के बाद कहा कि यह जनता की जीत है। पिछले तीन साल से चुनाव नहीं होने से लोग निराश थे और अफसरशाही हावी थी। उनकी बात सुनने वाला कोई नहीं था। इसलिए यह जीत आम लोगों की जीत है। अब जनता को ऐसी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। जनता की समस्याओं का सीधा समाधान कैसे हो, यह हमारा पहला काम होगा। इसके लिए पूरा रोडमैप तैयार है। जल्द यह साकार होता दिखेगा।

हजारीबाग के नए मेयर बने अरविंद कुमार राणा
हजारीबाग नगर निगम के नए मेयर अरविंद कुमार राणा चुने गए हैं। अरविंद राणा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ता और पत्रकार भी रहे हैं। पहली बार हुए मानगो नगर निगम चुनाव में मेयर पद के लिए पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता की पत्नी सुधा गुप्ता ने भाजपा समर्थित संध्या सिंह को हराया। आदित्यपुर नगर निगम में भाजपा समर्थित संजय सरदार जीते। देवघर नगर निगम चुनाव के नए मेयर झामुमो समर्थित उम्मीदवार रवि रावत चुने गए। धनबाद में संजीव सिंह आगे चल रहे हैं। वहीं, मेदिनीनगर में भाजपा समर्थित अरुणा शंकर ने कड़ी टक्कर में कांग्रेस समर्थित नम्रता त्रिपाठी को 3122 वोटों से हराया। चास में भोलू पासवान आगे चल रहे हैं। वहीं, नगर पंचायत में भाजपा समर्थित 8 प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है। बिना समर्थन वाले प्रत्याशियों ने नगर निगम के साथ-साथ नगर परिषद में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। 23 फरवरी को झारखंड के 48 नगर निकाय में चुनाव हुआ था।

वहीं, बुंडू नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए हुए चुनाव में जीतेंद्र उरांव ने शानदार जीत दर्ज की है। आधिकारिक परिणामों के अनुसार, उन्हें कुल 4007 मत प्राप्त हुए। उनके निकटतम प्रतिद्वंद्वी राजेश उरांव को 3198 मत मिले। इस प्रकार जीतेंद्र उरांव ने 809 मतों के अंतर से जीत हासिल की। नगर परिषद के विजयी प्रत्याशी पाकुड़ से शबरी पाल, गोड्डा से सुशील रमानी, गुमला से शकुंतला उरांव, लोहरदगा अनिल उरांव, मिहिजाम से जय श्री देवी, जुगसलाई से नौशीन खान, चाईबासा से नितिन प्रकाश, गढ़वा से आशीष सोनी, बिश्रामपुर गीता देवी, चक्रधरपुर शनि उरांव, चतरा अताउर रहमान, रामगढ़ कुसुम लता देवी, फुसरो निर्मला देवी, साहिबगंज रामनाथ पासवान, चिरकुंडा सुनीता देवी, झुमरी तिलैया रमेश हर्षधर, कपाली परवेज आलम शामिल हैं।

नगर पंचायत से विजय प्रत्याशी बुंडू जितेंद्र उरांव, डोमचांच उमेश वर्मा, चाकुलिया सोमवारी सोरेन, जामताड़ा आशा गुप्ता, महागामा प्रबोध सोरेन, लातेहार महेश सिंह, बासुकीनाथ बीना देवी, खूंटी रानी टूटी, छतरपुर अरविंद गुप्ता, बंशीधर नगर साधना देवी , मझिआंव सुमित्रा देवी, हरिहरगंज शीला चौधरी, हुसैनाबाद अजय भारती, धनवार विनय संथालिया, बड़की सरैया शोभा देवी,राजमहल केतुबद्दीन शेख, बरहरवा अर्पिता दास, कोडरमा साजिद हुसैन और सरायकेला मनोज चौधरी हैं।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles