40.6 C
Kolkata
Wednesday, June 10, 2026

मोदी के ऐतिहासिक रिकॉर्ड पर रवि लामिछाने ने दी बधाई

काठमांडू । नेपाल की सत्तारूढ़ राष्ट्रीय स्वतन्त्र पार्टी (आरएसपी) के अध्यक्ष रवि लामिछाने ने भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र माेदी को देश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सेवा देने का नया रिकॉर्ड बनाने पर बधाई दी है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक संदेश में लामिछाने ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह ऐतिहासिक मील का पत्थर भारतीय लोकतंत्र की एक उल्लेखनीय उपलब्धि है। उन्होंने इस अवसर पर मोदी को शुभकामनाएं देते हुए उनके नेतृत्व की सराहना की। उल्लेखनीय है कि निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में माेदी ने प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4398 दिनाें के रिकाॅर्ड काे पार कर लिया है।

लामिछाने ने हाल ही में नई दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई अपनी मुलाकात को भी याद किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुई मुलाकात और दोनों नेताओं के बीच हुए सार्थक एवं दूरदर्शी विचार-विमर्श को वह स्नेहपूर्वक स्मरण करते हैं।

आरएसपी प्रमुख ने कहा कि उनकी पार्टी समृद्ध नेपाल के विजन के साथ आगे बढ़ रही है और नेपाल-भारत संबंधों को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दोनों देशों के बीच साझा हितों के मुद्दों पर सहयोग को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

लामिछाने ने कहा कि आर्थिक सहयोग, निवेश, व्यापार और साझा विकास जैसे क्षेत्रों में नेपाल और भारत के बीच व्यापक संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हालिया संवादों की भावना के अनुरूप दोनों देश आपसी हितों के मुद्दों पर आगे बढ़ते हुए द्विपक्षीय संबंधों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।

Related Articles

नवीनतम लेख