32.1 C
Kolkata
Friday, July 17, 2026

रांची जिला शूटिंग चैंपियनशिप का आगाज, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने साधा निशाना

रांची । राजधानी के खेलगांव स्थित शूटिंग रेंज में शुक्रवार से तीसरी रांची जिला शूटिंग चैंपियनशिप का शुभारंभ हुआ। उद्घाटन समारोह में राज्य के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने निशानेबाजी कर प्रतियोगिता का आगाज किया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उनके सटीक निशानों पर खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और दर्शकों ने तालियां बजाकर स्वागत किया।

नई प्रतिभाओं को मिलेगा अवसर

चैंपियनशिप में जिले के विभिन्न स्कूलों, कॉलेजों और शूटिंग क्लबों के बड़ी संख्या में खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। प्रतियोगिता का उद्देश्य निशानेबाजी खेल को बढ़ावा देना, नई प्रतिभाओं को मंच उपलब्ध कराना तथा खिलाड़ियों को राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करना है।

इस दौरान खिलाड़ियों ने भी अपने निशानेबाजी कौशल का प्रदर्शन किया। वित्त मंत्री ने कहा कि खेल अनुशासन, एकाग्रता और आत्मविश्वास का विकास करता है। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि उनका परिवार लंबे समय से निशानेबाजी से जुड़ा रहा है और उन्हें भी बचपन से इस खेल का शौक रहा है।

शूटिंग रेंज के जीर्णोद्धार पर बनेगी योजना

वित्त मंत्री ने खेलगांव स्थित शूटिंग रेंज की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए इसका जीर्णोद्धार आवश्यक है। उन्होंने बताया कि रेंज के विकास और रखरखाव को लेकर सीसीएल तथा खेल विभाग के साथ चर्चा की जाएगी, ताकि आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा सकें और राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

इस अवसर पर खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों ने भी शूटिंग रेंज के रखरखाव तथा आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।

Related Articles

नवीनतम लेख