27.1 C
Kolkata
Tuesday, July 14, 2026

राहुल बच्चा हत्याकांड: फरार आरोपी विक्की सिंह गिरफ्तार

जमशेदपुर। मानगो थाना क्षेत्र के चर्चित राहुल सिन्हा उर्फ राहुल बच्चा हत्याकांड में पुलिस ने फरार चल रहे नामजद आरोपी विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव उर्फ बल्लू (24) को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसे बिरसानगर थाना क्षेत्र से दबोचा। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर गठित विशेष टीम ने उसे पकड़ लिया।

हत्या के बाद बनाई गई थी विशेष जांच टीम

सिटी पुलिस अधीक्षक ललित मीणा ने सोमवार को आयोजित प्रेसवार्ता में बताया कि 8 जुलाई की शाम करीब साढ़े सात बजे मानगो के गुरुद्वारा रोड स्थित मजार के पास राहुल सिन्हा उर्फ राहुल बच्चा पर डंडे, पत्थर और लकड़ी से हमला किया गया था। इसके बाद हमलावरों ने उसे गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मृतक के भाई की शिकायत पर मानगो थाना में हत्या और शस्त्र अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक की निगरानी में सहायक पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय-1) ऋषभ त्रिवेदी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया था। टीम लगातार आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही थी।

पूछताछ में हत्या में संलिप्तता स्वीकार

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में विक्की सिंह ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। इस मामले में इससे पहले साहेब सिंह उर्फ सब्बे, सौरभ दत्ता उर्फ बंगाली, अफताब अली बाबा और अमरजीत प्रसाद उर्फ पाण्डेय को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि विक्की सिंह का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ वर्ष 2022, 2023 और 2025 में सिदगोड़ा, उलीडीह और मानगो थाना क्षेत्रों में विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस अब हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित आरोपियों की भी जांच कर रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख