35 C
Kolkata
Monday, April 20, 2026

रियान मौत मामले में कार्रवाई नहीं होने पर उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना, परिजनों ने लगाई न्याय की गुहार

पूर्वी सिंहभूम। रियान की संदिग्ध मौत के मामले में अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने सोमवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष धरना प्रदर्शन किया।

इस दौरान पीड़ित पक्ष ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए जल्द न्याय की मांग की। परिजनों का कहना है कि 26 मार्च 2026 को रियान की इलाज के दौरान मृत्यु हुई थी, जिसके बाद 27 मार्च को परसुडीह थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले में हत्या की गंभीर धारा 103(1) लगाई गई, बावजूद इसके अब तक नामजद आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

पीड़ित पिता महमूद आलम ने बताया कि वे लगातार पुलिस अधीक्षक कार्यालय के चक्कर लगाते रहे, लेकिन कहीं से भी संतोषजनक जवाब या ठोस कार्रवाई नहीं मिली। उन्होंने आरोप लगाया कि मामले में नामजद आरोपित डॉ. बदर और डॉ. अजय प्रसाद खुलेआम घूम रहे हैं, जबकि पुलिस निष्क्रिय बनी हुई है।

उन्होंने क्षेत्राधिकार को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि घटना और पीड़ित दोनों मानगो थाना क्षेत्र के हैं, फिर भी केस परसुडीह थाना में दर्ज किया गया, जो संदेह पैदा करता है।

धरना के दौरान उपायुक्त को सौंपे गए ज्ञापन में निष्पक्ष जांच, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और मामले की सही थाने में जांच सुनिश्चित करने की मांग की गई। परिजनों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

Related Articles

नवीनतम लेख