खूंटी। जिले में महिलाओं और किशोरियों को स्वास्थ्य, पोषण और एचपीवी वैक्सीन के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार को सिविल सर्जन कार्यालय परिसर से दो प्रचार-प्रसार रथों को रवाना किया गया।
सिविल सर्जन डॉ एलआर पाठक ने हरी झंडी दिखाकर इन रथों को रवाना किया।
स्वास्थ्य विभाग और सीनी संस्था के संयुक्त तत्वावधान में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत प्रचार रथों के माध्यम से जन समुदाय को स्वास्थ्य, पोषण और एचपीवी वैक्सीन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जाएंगी। रथों में लगे ध्वनि यंत्रों के माध्यम से लोगों तक विभिन्न जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे, ताकि आम लोगों तक सही और आवश्यक जानकारी आसानी से पहुंच सके।
जानकारी के अनुसार दोनों प्रचार रथ जिले के मुरहू और अड़की प्रखंड के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अंतर्गत आने वाले सभी पंचायतों में भ्रमण करेंगे। इस दौरान लोगों को एचपीवी वैक्सीन, स्वास्थ्य सेवाओं और पोषण से जुड़ी जानकारियां देकर जागरूक किया जाएगा।
इस पहल से समुदाय में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक व्यवहार परिवर्तन की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग की ओर से डीपीएम कानन बाल तिर्की, डीडीएम श्वेता सिंह, डीपीसी डॉ उदयन शर्मा सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।

