38.2 C
Kolkata
Friday, June 26, 2026

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 12 वर्षों में विकसित भारत की मजबूत नींव रखी : देवेश तिवारी

गढ़वा । राज्य स्तरीय दिशा समिति झारखंड के सदस्य एवं ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के प्रतिनिधि देवेश तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, सामाजिक न्याय, आधारभूत संरचना, जनजातीय कल्याण और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विकसित भारत की मजबूत नींव रखी है और देश आज सशक्त, समृद्ध तथा सुरक्षित भारत के निर्माण की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

शुक्रवार को श्री बंशीधर नगर स्थित सर्किट हाउस में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए देवेश तिवारी ने केंद्र सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि झारखंड में केंद्र सरकार द्वारा 50 हजार करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, जिससे राज्य के विकास को नई गति मिली है।

उन्होंने कहा कि देवघर में एम्स की स्थापना से राज्य के लोगों को विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हुई हैं। वहीं, देवघर हवाई अड्डे के निर्माण एवं संचालन से क्षेत्रीय संपर्क, व्यापार और पर्यटन को बढ़ावा मिला है। राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, ग्रामीण सड़कों के निर्माण तथा रेलवे अवसंरचना के आधुनिकीकरण से राज्य की कनेक्टिविटी में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।

तिवारी ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत लाखों ग्रामीण परिवारों तक नल से शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से लाखों गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराए गए हैं। आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ राज्य के लाखों लोगों तक पहुंचा है। ऊर्जा, स्वास्थ्य, परिवहन, कृषि तथा डिजिटल अवसंरचना के क्षेत्र में भी बड़े पैमाने पर निवेश किया गया है।

जनजातीय समाज के विकास का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खूंटी से प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) का शुभारंभ किया, जिसका उद्देश्य विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही झारखंड से धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की शुरुआत की गई, जो जनजातीय बहुल गांवों के सर्वांगीण विकास के लिए देश की सबसे बड़ी योजनाओं में से एक है।

उन्होंने बताया कि जनजातीय विद्यार्थियों के लिए एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों का व्यापक विस्तार किया गया है। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में घोषित कर देश के जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मान दिया गया है। जनजातीय संग्रहालयों और अनुसंधान संस्थानों को सुदृढ़ किया गया है तथा अनुसूचित जनजाति के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजनाओं का भी विस्तार किया गया है। वन धन विकास केंद्रों के माध्यम से जनजातीय समुदाय की आजीविका को मजबूत बनाया जा रहा है।

देवेश तिवारी ने कहा कि आकांक्षी जिलों के कार्यक्रम के जरिए जनजातीय क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पेयजल और डिजिटल कनेक्टिविटी जैसी मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की अनेक महत्वाकांक्षी योजनाओं का विशेष लाभ झारखंड को मिला है और राज्य निरंतर विकास एवं प्रगति की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर रहा है।

प्रेसवार्ता में आशीष कुमार दुबे उर्फ चिंटू दुबे, भाजपा के जिला महामंत्री मुकेश चौबे सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।-

Related Articles

नवीनतम लेख