28 C
Kolkata
Wednesday, August 12, 2026

जियाडा रेगुलेशन पर चैंबर सख्त, उद्योग हित में संशोधन की मांग

रांची। झारखंड में उद्योगों के संचालन और निवेश से जुड़े नियमों को लेकर झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने अपनी चिंता जाहिर की है। चैंबर की कार्यकारिणी समिति की बैठक में जियाडा रेगुलेशन-2026 के प्रारूप के कुछ प्रावधानों को उद्योग हितों के प्रतिकूल बताते हुए उनमें संशोधन की मांग की गई। अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा की अध्यक्षता में हुई बैठक में तय किया गया कि उद्यमियों के सुझावों को जियाडा के प्रबंध निदेशक के समक्ष रखा जाएगा। साथ ही जियाडा रेगुलेशन और नई उद्योग नीति के प्रारूप पर जल्द चैंबर भवन में कार्यशाला आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

बैठक में राज्य में इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल और इससे जुड़े उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए मेघालय की तर्ज पर प्रोत्साहनात्मक इलेक्ट्रिक वाहन नीति लागू करने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई। चैंबर अध्यक्ष ने राज्य सरकार से इस दिशा में सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया, ताकि इलेक्ट्रिक वाहन क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर विकसित हो सकें।

अपर बाजार में कार्रवाई पर व्यापारियों के पक्ष में चैंबर

अपर बाजार क्षेत्र में रांची नगर निगम की कार्रवाई का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। कार्यकारिणी समिति ने कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए व्यापारियों की समस्याओं का व्यावहारिक समाधान निकालने की मांग की। इस मुद्दे पर शहर के विभिन्न क्षेत्रों के व्यापारियों को एकजुट करने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि निगम की किसी गलत नीति या अनुचित कार्रवाई का व्यापारी एकजुट होकर विरोध करेंगे। वहीं, बाजार क्षेत्र की दुकानों को न्यायालय से राहत दिलाने में सहयोग के लिए अधिवक्ता देवेश अजमानी के प्रति सदस्यों ने आभार जताया।

रामगढ़ में सीएसआर को लेकर उद्यमियों की चिंता

रामगढ़ में उद्यमियों पर सीएसआर राशि खर्च करने के लिए दबाव बनाए जाने का मुद्दा भी बैठक में उठाया गया। सदस्यों ने बताया कि जिले के छोटे-बड़े उद्यमियों से पिछले तीन वर्षों की बैलेंस शीट मांगी जा रही है। चैंबर अध्यक्ष ने कहा कि उद्यमियों की समस्या को लेकर वित्त मंत्री से वार्ता की जाएगी। राज्य एवं जिला स्तर पर गठित सीएसआर समितियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा कराने की पहल पर भी सहमति बनी।

नार्थ छोटानागपुर प्रमंडल के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष रमेश कुमार ने गुमला और लोहरदगा में बढ़ती चोरी की घटनाओं पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक प्रयासों के बावजूद चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण की जरूरत है।

उप समितियों ने आयोजित कीं 216 बैठकें

उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया और राम बांगड़ ने चैंबर की उप समितियों की गतिविधियों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। बताया गया कि वर्तमान सत्र में अब तक उप समितियों की 216 बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। 15 अगस्त के बाद चैंबर भवन में प्रस्तावित डिजिटल मार्केटिंग कार्यशाला में अधिक से अधिक व्यापारियों से शामिल होकर इसका लाभ लेने की अपील की गई।

बैठक में पांच वर्ष पूर्व निर्मित भवनों के सीटीओ/सीटीई के संबंध में रेरा द्वारा डेवलपर्स को भेजी जा रही नोटिसों पर भी चिंता व्यक्त की गई। सह सचिव नवजोत अलंग और रोहित पोद्दार ने चैंबर की सदस्यता के लिए प्राप्त नए आवेदनों को कार्यकारिणी के समक्ष रखा, जिन्हें समिति ने अनुमोदित कर दिया।

जीएसटी संवाद में चैंबर रखेगा व्यापारियों के सुझाव

महासचिव रोहित अग्रवाल ने बताया कि डायरेक्टरेट जनरल ऑफ गुड्स एंड सर्विसेज टैक्स, ईस्टर्न जोनल यूनिट की ओर से कोलकाता में आयोजित संवाद-3.0 में चैंबर प्रतिनिधि हिस्सा लेकर व्यापार और उद्योग से जुड़े सुझाव रखेंगे। उन्होंने बताया कि फिक्की की कार्यसमिति में झारखंड चैंबर के सदस्य को प्रतिनिधित्व दिलाने के लिए भी प्रयास जारी हैं।

धनबाद में आयोजित सीनियर ताइक्वांडो प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करने पर चैंबर सदस्य सखी बांगड़ को कार्यकारिणी समिति ने सम्मानित किया और उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।

चैंबर के नाम और लोगो के अनधिकृत इस्तेमाल पर सख्ती

बैठक में चैंबर के नाम और लोगो का इस्तेमाल कर व्हाट्सऐप समूह चलाने तथा सोशल मीडिया पेज बनाकर गतिविधियां संचालित किए जाने पर कार्यकारिणी समिति ने कड़ी आपत्ति जताई। समिति ने ऐसे अनधिकृत उपयोग को गंभीर मामला मानते हुए इसे तत्काल रोकने और भविष्य में इसकी पुनरावृत्ति नहीं होने देने के लिए सख्त निर्णय लेने पर सहमति जताई।

बैठक में अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह सलूजा, रमेश कुमार, विनय अग्रवाल सहित कार्यकारिणी समिति के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे। तेलों चैंबर और सिमडेगा चैंबर के पदाधिकारियों ने भी बैठक में भाग लिया।

Related Articles

नवीनतम लेख