29.4 C
Kolkata
Saturday, June 6, 2026

राजस्थान में प्री-मानसून की दस्तक, आंधी-बारिश से मिली राहत; भरतपुर और भीलवाड़ा में दो की मौत

जयपुर । राजस्थान में मानसून के आगमन से पहले प्री-मानसून गतिविधियां तेज हो गई हैं। गुरुवार शाम से प्रदेश के कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी है। मौसम में बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है, लेकिन आंधी से जुड़े हादसों में भरतपुर और भीलवाड़ा में दो लोगों की मौत हो गई।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में मानसून जुलाई के पहले सप्ताह तक पहुंच सकता है। इससे पहले पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान में प्री-मानसून गतिविधियां सक्रिय हो चुकी हैं। विभाग ने 7 जून तक कई जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई है। शुक्रवार के लिए 14 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 8 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।

भरतपुर जिले के नदबई क्षेत्र के झोरोल गांव में तेज अंधड़ के दौरान एक निर्माणाधीन दीवार गिर गई। हादसे में 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनका दिव्यांग पुत्र घायल हो गया। वहीं भीलवाड़ा जिले के बिजौलिया क्षेत्र में तेज हवा के साथ उड़कर आई लोहे की चादर की चपेट में आने से एक व्यक्ति की जान चली गई। इस दौरान एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया और एक भैंस की भी मौत हो गई।

आंधी और बारिश के कारण कई इलाकों में टिनशेड उड़ गए, पेड़ उखड़ गए और बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। झुंझुनूं, हनुमानगढ़, चूरू और बीकानेर संभाग के कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ बारिश दर्ज की गई। राजधानी जयपुर में भी रातभर रुक-रुककर बारिश होती रही, जिससे तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

मौसम में बदलाव के साथ पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान में नमी बढ़ी है। जयपुर, कोटा, उदयपुर और चित्तौड़गढ़ क्षेत्रों में आर्द्रता का स्तर 50 से 70 प्रतिशत के बीच दर्ज किया गया। हालांकि बादलों के बावजूद बढ़ी हुई उमस ने लोगों की परेशानी भी बढ़ाई।

बारिश के बावजूद पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का असर बना हुआ है। श्रीगंगानगर प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा चूरू, जैसलमेर, फलोदी, बीकानेर और बाड़मेर में भी तापमान 41 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा।

मौसम विभाग का कहना है कि अगले दो दिनों तक पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान में आंधी, मेघगर्जन और बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं। इससे तापमान में और गिरावट आने तथा लोगों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना है।

Related Articles

नवीनतम लेख