33.7 C
Kolkata
Thursday, March 5, 2026

प्रकाश टूटी बने एबीवीपी के प्रदेश मंत्री, सम्मान समारोह आयोजित

खूंटी।अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) में प्रदेश मंत्री बनाए जाने पर छात्र नेता प्रकाश टूटी के सम्मान में बुधवार को स्थानीय बिरसा कॉलेज, खूंटी के बहुउद्देशीय भवन में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम कॉलेज प्रशासन और एबीवीपी खूंटी इकाई के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। समारोह को संबोधित करते हुए बिरसा कॉलेज के प्रभारी प्राचार्य डॉ. चंद्र किशोर भगत ने कहा कि सुदूर आदिवासी क्षेत्र से निकलकर प्रदेश स्तर पर नेतृत्व की जिम्मेदारी मिलना पूरे कॉलेज और खूंटी जिले के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास से कोई भी छात्र उच्च मुकाम हासिल कर सकता है। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रकाश टूटी भविष्य में भी विद्यार्थियों के हित में सकारात्मक भूमिका निभाते रहेंगे।
एबीवीपी की ओर से संगठनात्मक विस्तार एवं सशक्तिकरण के तहत प्रकाश टूटी को प्रदेश मंत्री का दायित्व सौंपा गया है। उनके मनोनयन से संगठन के कार्यकर्ताओं एवं विद्यार्थियों में उत्साह का माहौल देखा गया। जिला संयोजक पवन कुमार ने कहा कि प्रकाश टूटी लंबे समय से छात्रहित से जुड़े मुद्दों, विशेषकर आदिवासी विद्यार्थियों की शिक्षा, छात्रवृत्ति एवं छात्रावास संबंधी समस्याओं को मजबूती से उठाते रहे हैं। उनका अनुभव और जमीनी जुड़ाव संगठन को नई दिशा देगा।
प्रदेश मंत्री बनाए जाने पर प्रकाश टूटी ने कहा कि यह दायित्व उनके लिए सम्मान के साथ-साथ बड़ी जिम्मेदारी भी है। उन्होंने संगठन के मूल्यों के अनुरूप छात्रहित, राष्ट्रहित तथा विशेषकर आदिवासी विद्यार्थियों के अधिकारों के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। समारोह में उपस्थित विद्यार्थियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में संगठन छात्र समस्याओं को और प्रभावी ढंग से उठाएगा तथा शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव लाएगा। इस अवसर पर खेल प्रभारी राजकुमार गुप्ता, अभिषेक श्रीवास्तव, शीला कुमारी, अल्पना कुमारी, सुशील, विजय प्रधान, काली मुंडा, डॉ. पुष्पा सुरीन सहित बड़ी संख्या में बिरसा कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थित थे।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles