प्रयागराज । संगम नगरी की मेजा थाना पुलिस ने बुधवार रात एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश गहमा उर्फ महमा नाथ को गिरफ्तार कर लिया है। हरियाणा का रहने वाला यह अपराधी पिछले नौ वर्षों से पेट्रोलियम पाइपलाइन से तेल चोरी के मामले में वांछित चल रहा था। पुलिस उपायुक्त (यमुनानगर) विवेक चन्द्र यादव ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
दुकान में कुआं खोदकर पाइपलाइन में लगाई थी सेंध
यह मामला साल 2015 का है, जब शातिर अपराधियों ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) की बरौनी-कानपुर भूमिगत पाइपलाइन को निशाना बनाया था। आरोपियों ने मांडा थाना क्षेत्र के ग्राम कुखुड़ी में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे एक दुकान के भीतर गुप्त रूप से कुआं खोदा और पाइपलाइन को काटकर पेट्रोल-डीजल की चोरी की थी। इस सनसनीखेज मामले में विस्फोटक पदार्थ अधिनियम और पेट्रोलियम पाइपलाइन एक्ट जैसी गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
खुशरो बाग गेट से दबोचा गया शातिर
डीसीपी यमुनानगर के अनुसार, फरीदाबाद (हरियाणा) निवासी अभियुक्त गहमा उर्फ महमा नाथ पुलिस को लगातार चकमा दे रहा था, जिसके चलते उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। बुधवार रात मुखबिर की सटीक सूचना पर मेजा पुलिस की टीम ने प्रयागराज के खुशरो बाग गेट के पास से उसे धर दबोचा। इससे पहले गिरोह के एक अन्य इनामी सदस्य रवि उर्फ बिन्दी को पुलिस पहले ही जेल भेज चुकी है।
पुलिस टीम की तत्परता
इस सफल कार्रवाई में मेजा थाना प्रभारी निरीक्षक दीनदयाल सिंह, उपनिरीक्षक बृजेश, देवेंद्र कुमार और उनकी टीम का विशेष योगदान रहा। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वांछित और इनामी अपराधियों के खिलाफ जिले में सघन अभियान जारी रहेगा।

