धनबाद | कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के खिलाफ धनबाद और रांची पुलिस ने मिलकर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस ऑपरेशन में पुलिस ने प्रिंस खान के दो सहयोगियों का एनकाउंटर किया, जिसमें दोनों को पैर में गोली लगी, जबकि एक और व्यक्ति भागने की कोशिश के दौरान घायल होकर अपना पैर तोड़ बैठा। घायल अपराधियों को तुरंत चिकित्सा के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सोमवार तड़के, धनबाद पुलिस ने भागाबांध ओपी और जोड़ापोखर ओपी क्षेत्र के सीमा पर यह कार्रवाई की। एनकाउंटर में प्रिंस खान के दो सहयोगी, अमन सिंह उर्फ कुबेर और विक्की डोम को गोली लगी, जबकि अफजल अमन नामक व्यक्ति भागते वक्त गिरकर घायल हो गया और उसका पैर टूट गया।
घटना की पुष्टि करते हुए धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई में तीन अपराधी घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि अमन सिंह पलामू का निवासी है, जबकि विक्की डोम और अफजल अमन धनबाद के निवासी हैं।
एसएसपी ने जानकारी दी कि गुप्त सूचना मिलने पर पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखते ही प्रिंस खान के गुर्गों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें दो अपराधियों को पैर में चोटें आईं। वहीं, भागने की कोशिश में खंडहर की इमारत से कूदने के कारण एक अन्य अपराधी का पैर फ्रैक्चर हो गया।
एसएसपी ने यह भी कहा कि घटना में कितने अपराधी शामिल थे, इसे लेकर जांच अभी जारी है। एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) की टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। उन्होंने बताया कि रांची के एयरपोर्ट रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में हुई फायरिंग और धनबाद के वासेपुर आर मोड़ पर गोलीबारी की घटनाओं में भी यही गैंग शामिल था।
इसके अलावा, कुछ दिन पहले भी धनबाद के भुईफोड़ इलाके में हुई मुठभेड़ में प्रिंस खान का एक साथी पुलिस एनकाउंटर में घायल हुआ था, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया था।


