नई दिल्ली | प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंस्टाग्राम पर 100 मिलियन फॉलोअर्स का ऐतिहासिक आंकड़ा पार कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। इस उपलब्धि के साथ, वह इंस्टाग्राम पर यह मील का पत्थर छूने वाले दुनिया के पहले राजनेता बन गए हैं।
जानकारी के अनुसार, पीएम मोदी 2014 में इंस्टाग्राम से जुड़े थे। उनके फॉलोअर्स की संख्या अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से दोगुनी से भी अधिक है। इतना ही नहीं, पीएम मोदी के अकेले फॉलोअर्स की संख्या दुनिया के शीर्ष पांच अन्य नेताओं के कुल फॉलोअर्स से भी ज्यादा है। इस उपलब्धि ने सोशल मीडिया पर उनके प्रभावशाली करिश्मे को और अधिक मजबूती दी है।
वर्तमान में, अमेरिकी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 43.2 मिलियन फॉलोअर्स के साथ दूसरे स्थान पर हैं। उनके बाद इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के पास 15 मिलियन, ब्राजील के राष्ट्रपति लूला के 14.4 मिलियन, तुर्की के राष्ट्रपति रेसेप तैयप एर्दोगन के 11.6 मिलियन और अर्जेंटीना के राष्ट्रपति जेवियर माइली के 6.4 मिलियन फॉलोअर्स हैं।
भारतीय नेताओं में भी पीएम मोदी का यह आंकड़ा सबसे आगे है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, जो करीब 16.1 मिलियन फॉलोअर्स के साथ दूसरे स्थान पर हैं, और कांग्रेस नेता राहुल गांधी, जिनके लगभग 12.6 मिलियन फॉलोअर्स हैं, उनसे काफी पीछे हैं। फिलहाल प्रधानमंत्री मोदी दो दिवसीय आधिकारिक दौरे के तहत इजराइल में हैं।
प्रधानमंत्री के सोशल मीडिया सफर पर नजर डालें तो उनकी सक्रियता पिछले कुछ वर्षों में लगातार बढ़ी है। देश की सत्ता संभालने के बाद से उन्होंने डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने पर खास जोर दिया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, पीएम मोदी ने अब तक इंस्टाग्राम पर 1200 से अधिक पोस्ट किए हैं। यह भी ध्यान देने योग्य है कि पीएम मोदी ने किसी को फॉलो नहीं किया है, लेकिन उनके फॉलोअर्स की संख्या 10 करोड़ को पार कर चुकी है।
इस बीच, पीएम मोदी को बुधवार को इजरायल की संसद ने ‘स्पीकर ऑफ द नेसेट मेडल’ से सम्मानित किया। यह नेसेट का सर्वोच्च सम्मान है और भारत-इजराइल संबंधों को मजबूत करने में उनकी असाधारण भूमिका को मान्यता देता है। यह मेडल उन्हें इजरायली संसद में दिए गए उनके भाषण के तुरंत बाद प्रदान किया गया।


