सिमरिया में पीएम मोदी ने भरी हुंकार, बोले- शहजादे को अपनी उम्र से भी कम सीटें मिलेंगी

बिरसा भूमि लाइव

  • मोदी ने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार चरम पर
  • इंडी गठबंधन ने झारखंड में सिर्फ अफीम उद्योग लगाया
  • झारखंड में झामुमो सरकार घुसपैठियों को दे रही संरक्षण

चतरा (झारखंड)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को चतरा जिले के सिमरिया-टंडवा में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस और झामुमो पर जमकर निशाना साधा। मोदी ने कहा कि लोगों की भीड़ बता रही है कि चार जून को क्या नतीजे आएंगे। उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन वाले पहले ही हार मान चुके हैं।

मोदी ने चतरा लोकसभा सीट से कालीचरण सिंह और हजारीबाग से मनीष जायसवाल के पक्ष में वोट मांगे। उन्होंने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि शहजादे को अपनी उम्र से भी कम सीट मिलने जा रही हैं। साथ ही कहा कि पूरा गठबंधन सिर्फ इस बात की कोशिश कर रहा है कि उन्हें विपक्ष का दर्जा मिल जाए।

यहां नेताओं के पीएस के घर से भी नोटों के पहाड़ निकल रहे

मोदी ने कहा कि झारखंड में भ्रष्टाचार चरम पर है। यहां नेताओं के पीएस के घर से भी नोटों के पहाड़ निकल रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब पीएस और उसके नौकर के घर में इतने पैसे निकल रहे हैं तो आप अंदाजा लगा सकते हैं कि उनके पास कितने पैसे होंगे। बेशर्मी देखिए इतने नोट निकलने के बाद शर्म से आंखें झुक जानी चाहिए लेकिन इन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता। साथ ही कहा कि इस काले धन को सिर्फ एक ही व्यक्ति बाहर ला सकता है, जिसके ऊपर एक भी दाग नहीं लगा। वह सिर्फ आपका बेटा मोदी है।

कांग्रेस की सरकार आई तो वे संपत्ति की जांच कराएंगे

मोदी ने कहा कि कांग्रेस का पंजा दलितों, ओबीसी, एसटी और एससी आरक्षण को छीनने में लगा हुआ है। उन्होंने धर्म के नाम पर आरक्षण का विरोध किया। मोदी ने कहा कि कांग्रेस के शहजादे आजकल नया फॉर्मूला लेकर आ रहे हैं। वे आपकी संपत्ति की जांच कराएंगे। कितनी जमीन है, इसकी भी जांच की जाएगी। फिर वे आपकी आधी संपत्ति लेकर घुसपैठियों में बांट देंगे। वे ऐसा कानून लाने वाले हैं।

जेएमएम-कांग्रेस का एक ही एजेंडा, ना करेंगे, ना करने देंगे

मोदी ने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन वाले विकास में रोड़ा हैं। झामुमो और कांग्रेस का एक ही एजेंडा है, ना कुछ करेंगे और ना ही करने देंगे। उन्होंने कहा कि ये भ्रष्टाचार के अलावा कुछ करते भी नहीं है। मोदी जो काम करता है, उसे भी ये करने नहीं देते हैं। साथियों, मैं गरीब परिवार में पैदा हुआ हूं। गरीबी क्या होती है मैं जानता हूं। इसीलिए मैं चाहता हूं कि मेरे देश के गरीब का चूल्हा जलता रहना चाहिए लेकिन ये लोग चाहते है कि मोदी का भेजा राशन आपको मिले ही नहीं।

मोदी ने कहा कि आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति बनना देश के लिए अभिमान है। उन्होंने कहा कि आदिवासियों ने राजकुमार राम को मर्यादा पुरुषोत्तम बना दिया था। इंडी गठबंधन ने झारखंड में सिर्फ अफीम उद्योग लगाया है। झारखंड सरकार इसे संरक्षण दे रही है। साथ ही कहा कि इंडी गठबंधन की सरकार भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी हुई है। झारखंड में झामुमो सरकार घुसपैठियों को संरक्षण दे रही है। गरीब आदिवासियों की बेटियों की इज्जत लूटी जा रही है। हर घर जल पहुंचाने के लिए नल-जल योजना शुरू की गयी है लेकिन झारखंड सरकार इसे रोकने में लगी है।

Related Articles

Stay Connected

1,005FansLike
200FollowersFollow
500FollowersFollow

Latest Articles