संत पॉल्स प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को बालक छात्रावास एवं विद्यालय की ओर से अभिभावक दिवस सह मासिक अभिभावक बैठक का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत छात्रावास एवं विद्यालय के बच्चों द्वारा प्रस्तुत आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रमों से हुई। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित अभिभावकों, शिक्षकों और आमंत्रित अतिथियों का दिल जीत लिया। इस अवसर पर छात्रावास में रहने वाले सभी छात्रों के अभिभावक तथा विद्यालय में अध्ययनरत बच्चों के अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
विद्यालय की प्रधानाध्यापिका अजीता देमता ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों में अनुशासन, नैतिकता और जीवन-मूल्य की शिक्षा की नींव घर से ही पड़ती है। उन्होंने अभिभावकों से आग्रह किया कि वे बच्चों की शिक्षा को गंभीरता से लें और उन्हें बेहतर भविष्य के लिए उचित मार्गदर्शन दें। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि घर और विद्यालय का संयुक्त प्रयास ही बच्चे के सर्वांगीण विकास का आधार है।
बैठक की अध्यक्षता शमशेर आलम ने की। इस कार्यक्रम में हेडमास्टर समीर केरकेट्टा, वार्डन अरुण मलुआ, शिक्षिका प्रिया परीधया, शालिनी बखला, अल्का केरकेट्टा, रीना हंस और अंशु समद समेत विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा अनेक अभिभावक उपस्थित थे।


