29 C
Kolkata
Friday, May 15, 2026

बेंगलुरु मेट्रो टिकट किराया में वृद्धि, 9 फरवरी से हाेगा लागू

बेंगलुरु। मेट्रो में यात्रा करने वाले बेंगलुरुवासियाें को अब अधिक रुपये खर्च करने पड़ेंगे।बेंगलुरु मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड (बीएमआरसीएल) ने अब मेट्रो टिकट किराए में पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी की घोषणा की है। यह किराया 9 फरवरी से लागू हाेगा। इस संबंध में बीएमआरसीएल ने अधिसूचना जारी कर दी है। बीएमआरसीएल ने एक वर्ष पहले टिकट किराया बढ़ा चुकी है।
दरअसल, किराया निर्धारण समिति ने वर्ष 2025 में प्रतिवर्ष 5 प्रतिशत टिकट किराया बढ़ाने की सिफारिश की थी। इसी के तहत दो दिन पहले आयोजित बीएमआरसीएल बोर्ड बैठक में इस विषय पर चर्चा की गई और टिकट किराया बढ़ाने के प्रस्ताव को राज्य सरकार की मंजूरी के लिए भेजा गया। कर्नाटक सरकार ने सोमवार (2 फरवरी) को इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसके अनुसार नई टिकट किराया दरें आगामी सोमवार 9 फरवरी से लागू होंगी। टिकट किराए में न्यूनतम 1 रुपये और अधिकतम 5 रुपये तक की वृद्धि की गई है। वर्तमान में 10 रुपये का न्यूनतम टिकट किराया बढ़कर 11 रुपये हो जाएगा, जबकि अधिकतम 90 रुपये का टिकट किराया 95 रुपये तक पहुंच जाएगा।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष किराया निर्धारण समिति ने 51.55 प्रतिशत टिकट किराया बढ़ाने की सिफारिश की थी, लेकिन बीएमआरसीएल ने 9 फरवरी 2025 से 101.5 प्रतिशत तक टिकट किराया बढ़ा दिया था। इससे जनता में भारी विरोध देखने को मिला और मेट्रो यात्रियों की संख्या में अचानक गिरावट दर्ज की गई। हालात को देखते हुए बीएमआरसीएल को मात्र चार दिनों के भीतर टिकट किराया 30 प्रतिशत तक कम करना पड़ा था। एक बार फिर टिकट किराया बढ़ाने के फैसले से मेट्रो यात्रियों में असंतोष नजर आ रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख