30.3 C
Kolkata
Thursday, June 25, 2026

पारण परेड 2026: मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने नव नियुक्त पुलिस जवानों को दिलाया कर्तव्य का संकल्प

रांची। मुख्यमंत्री Hemant Soren ने गुरुवार को डोरंडा स्थित जैप-1 ग्राउंड में आयोजित “बुनियादी प्रशिक्षुओं का पारण परेड समारोह-2026” में नव नियुक्त पुलिस उपाधीक्षकों और आरक्षियों को संबोधित करते हुए कहा कि अब वे केवल अपने लिए नहीं, बल्कि राज्य के आम नागरिकों की सुरक्षा और सेवा के लिए समर्पित हैं। उन्होंने जवानों से प्रशिक्षण के दौरान अर्जित कौशल को कानून-व्यवस्था मजबूत करने में लगाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग 30 सप्ताह के कठिन प्रशिक्षण के बाद यह महत्वपूर्ण अवसर आया है। उन्होंने विशेष रूप से इस बैच में लगभग 25 प्रतिशत महिला भागीदारी पर खुशी जताते हुए महिला पुलिसकर्मियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि राज्य के हर क्षेत्र में पुरुषों और महिलाओं की समान भागीदारी सरकार की प्राथमिकता है।

शपथ केवल वर्दी की नहीं, जनता की सेवा की भी

मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के बीच ली गई शपथ केवल एक औपचारिक प्रक्रिया नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पुलिस बल में शामिल होना केवल नौकरी या वेतन प्राप्त करना नहीं, बल्कि सर्वोच्च कर्तव्यों के निर्वहन का संकल्प लेना है। उन्होंने जवानों को याद दिलाया कि राज्य और समाज की सुरक्षा के दौरान अनेक चुनौतियां सामने आएंगी, लेकिन कर्तव्यनिष्ठा और साहस के साथ उनका सामना करना होगा।

कानून-व्यवस्था में दिखे प्रशिक्षण का प्रभाव

हेमन्त सोरेन ने कहा कि प्रशिक्षण के दौरान दी गई विभिन्न विषयों की शिक्षा और अभ्यास का परिणाम राज्य में बेहतर कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और संभावित चुनौतियों से निपटने में दिखाई देना चाहिए। उन्होंने विश्वास जताया कि जवान पूरी निष्ठा के साथ कार्य करेंगे तो राज्य के सामने आने वाली चुनौतियों का प्रभावी समाधान संभव होगा।

पुलिसकर्मियों के लिए आधुनिक सुविधाओं की घोषणा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पुलिस विभाग के लिए आधुनिक और सर्वसुविधायुक्त आवासीय विद्यालयों का निर्माण कराएगी। इसके अलावा पुलिसकर्मियों और उनके परिवारों के लिए विशेष स्वास्थ्य सुविधाएं विकसित करने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार पुलिस बल के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध है।

समारोह के दौरान मुख्यमंत्री ने जैप-1 परिसर स्थित शहीद स्मारक पर माल्यार्पण किया तथा पारण परेड का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षण पूर्ण करने वाले पुलिस उपाधीक्षकों और आरक्षियों को विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार भी प्रदान किए।

शानदार मार्चपास्ट से दिखाया कौशल

प्रशिक्षण प्राप्त जवानों ने आकर्षक मार्चपास्ट और कदमताल के माध्यम से अपने अनुशासन एवं कौशल का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर नव नियुक्त जवानों को देश एवं राज्य सेवा, संविधान की रक्षा, पुलिस बल की गरिमा तथा कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम में Tadasha Mishra, Priya Dubey सहित पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

नवीनतम लेख