30.1 C
Kolkata
Wednesday, June 10, 2026

पाकुड़ : वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से बच्ची समेत तीन की मौत

पाकुड़ | बीती रात 8 बजे नगरनबी रेलवे क्रॉसिंग के पास वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से पति, पत्नी और उनकी तीन वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रेन के टकराने से यह हादसा हुआ। घटना नगरनबी पोल संख्या 47/40 और 47/38 के बीच की बताई गई है। जानकारी के अनुसार, परिवार अपनी बहन के घर से पैदल लौट रहा था, उसी समय यह दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना घटी।

न्यू जलपाईगुड़ी से हावड़ा जा रही थी ट्रेन
हादसे के समय ट्रेन संख्या 22302, वंदे भारत एक्सप्रेस, न्यू जलपाईगुड़ी से हावड़ा की ओर बढ़ रही थी। ट्रेन गुजरने के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलने पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।

आरपीएफ ने शुरू की जांच
आरपीएफ के एसआई संतोष कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए जानकारी दी कि वंदे भारत एक्सप्रेस की चपेट में आने से एक बच्ची, एक महिला और एक पुरुष की मौके पर ही मौत हो गई। शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है, और मामले की जांच जारी है। इस भयावह हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है। स्थानीय निवासियों ने रेलवे क्रॉसिंग पर सुरक्षा उपायों और जागरूकता बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Related Articles

नवीनतम लेख