जम्मू। जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास बेस कैंप से शनिवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच 3,632 अमरनाथ श्रद्धालुओं का नया जत्था दक्षिण कश्मीर स्थित पवित्र गुफा मंदिर के लिए रवाना हुआ। श्रद्धालु 148 वाहनों के काफिले में बालटाल और पहलगाम मार्ग के लिए रवाना हुए।
अधिकारियों के अनुसार, जत्थे में 1,008 श्रद्धालु बालटाल मार्ग और 2,624 श्रद्धालु पारंपरिक पहलगाम मार्ग से यात्रा करेंगे। यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए नागरिक प्रशासन, पुलिस, सुरक्षा बलों और श्री अमरनाथ श्राइन बोर्ड ने व्यापक प्रबंध किए हैं।
15 दिनों में 3.5 लाख श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा ने नया रिकॉर्ड बनाया है। यात्रा शुरू होने के महज 15 दिनों के भीतर 3.5 लाख से अधिक श्रद्धालु पवित्र गुफा के दर्शन कर चुके हैं।
3 जुलाई से 28 अगस्त तक चलेगी यात्रा
श्री अमरनाथ यात्रा 2026 का आयोजन 3 जुलाई से 28 अगस्त तक किया जा रहा है। 3,888 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा तक श्रद्धालु दो मार्गों से पहुंच सकते हैं। इनमें 48 किलोमीटर लंबा पारंपरिक पहलगाम मार्ग और 14 किलोमीटर लंबा बालटाल मार्ग शामिल है।
