यूजीन (अमेरिका)। अमेरिकी एथलेटिक्स के इतिहास में गुरुवार को एक नया स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। अमेरिका के 20 वर्षीय युवा सनसनी जा’कोबे थार्प ने एनसीएए (NCAA) आउटडोर चैंपियनशिप के हीट मुकाबले में पुरुषों की 110 मीटर बाधा दौड़ में अविश्वसनीय प्रदर्शन करते हुए नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। उनके इस दमदार प्रदर्शन ने ट्रैक एंड फील्ड की दुनिया को हैरान कर दिया है।
एरीज़ मेरिट का 14 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त
ऑबर्न विश्वविद्यालय की तरफ से प्रतिनिधित्व कर रहे थार्प ने दौड़ पूरी करने के लिए महज 12.75 सेकंड का समय निकाला और नया इतिहास रच दिया। थार्प ने इसके साथ ही अमेरिका के ही दिग्गज एथलीट एरीज़ मेरिट के 14 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। मेरिट ने साल 2012 में 12.80 सेकंड का समय निकालकर यह विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया था।
तीसरी बाधा के बाद पकड़ी तूफानी रफ्तार
मुकाबले के दौरान पांचवीं लेन में दौड़ शुरू करने वाले जा’कोबे थार्प शुरुआत में थोड़े धीमे नजर आए थे, लेकिन जैसे ही उन्होंने तीसरी बाधा (Hurdle) को पार किया, उनकी रफ्तार देखने लायक थी। उन्होंने मैदान पर मौजूद अन्य धावकों को पीछे छोड़ते हुए जबरदस्त बढ़त बना ली और बेहद आक्रामक तथा दमदार अंदाज में फिनिशिंग लाइन को पार किया।
अंडर-20 विश्व चैंपियन हैं जा’कोबे थार्प
युवा स्टार जा’कोबे थार्प कोई नया नाम नहीं हैं, इससे पहले उन्होंने साल 2024 की अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया था। हालांकि, थार्प के इस ऐतिहासिक विश्व रिकॉर्ड को पूरी तरह से मान्यता मिलने के लिए अभी ‘विश्व एथलेटिक्स’ (World Athletics) की आधिकारिक मंजूरी और औपचारिकताएं पूरी होना बाकी है।
योजना नहीं थी, बस अपनी फिटनेस पर था भरोसा
इस ऐतिहासिक कामयाबी के बाद थार्प ने खुद अचरज जताते हुए कहा, “सच कहूं तो मैंने ऐसा करने की कोई योजना नहीं बनाई थी और न ही मेरा ऐसा कोई इरादा था। मुझे बस इतना पता था कि इस प्रतियोगिता तक पहुंचते-पहुंचते मेरी तैयारी बहुत अच्छी हो जाएगी, क्योंकि हमने इसी इवेंट के लिए अपनी फिटनेस को शीर्ष स्तर पर पहुंचाने की प्लानिंग की थी। मुझे खुद पर विश्वास था कि मैं कुछ असाधारण कर सकता हूं।”
