खूंटी। जिले के प्रसिद्ध आमरेश्वर धाम में राष्ट्रीय हिंदू फ्रंट की महत्वपूर्ण बैठक रविवार को आयोजित की गई। बैठक में संगठन के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार की आरती, सनातन धर्म की रक्षा और उसके प्रचार-प्रसार को लेकर संकल्प लिया। साथ ही संगठन को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से जल्द से जल्द टीम गठन पर भी सहमति बनी।
बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम पांडे ने कहा कि राष्ट्रीय हिंदू फ्रंट मिशन हिंदू राष्ट्र, मंगलवार की आरती तथा जनसंख्या कानून जैसे मुद्दों को लेकर पूरे देश में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर जमशेदपुर से पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम पांडे ने बाबा आमरेश्वर धाम में विधिवत पूजा-अर्चना की। इसके बाद प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार, जिला अध्यक्ष अनूप साहू एवं जिला संयोजक ज्योतिष भगत ने संयुक्त रूप से प्रदेश अध्यक्ष को अंगवस्त्र एवं आमरेश्वर धाम का स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
बैठक में सूचना प्रमुख राजू शर्मा के अलावा राजू गुप्ता, विजय घोष, दीपक तिग्गा, बप्पी दास, कवि चौधरी, सत्यजीत कुंडू, अजित रॉय, नीरज जायसवाल, अरुण दुबे सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।


