बिरसा भूमि लाइव
रांची : राज्य के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। राजधानी रांची में सोमवार को भी दिन भर रूक-रूक कर बारिश हुई। मौसम विभाग की मानें तो तीन अक्टूबर तक राज्य के कुछ हिस्सों में भारी बारिश का असर देखा जायेगा। वहीं, कुछ हिस्सों में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश रिकॉर्ड की जायेगी। मुख्य रूप से राज्य के उत्तर पूर्वी और मध्य भाग में बारिश देखा जायेगी। इसमें देवघर, धनबाद, गिरीडीह, रामगढ़, बोकरो, धनबाद, रांची, जमशेदपुर, खूंटी समेत अन्य जिलों में बारिश होगी। बारिश के साथ ही वज्रपात की भी भारी संभावना है। आने वाले कुछ दिनों तक राज्य का औसत तापमान 27 डिग्री से 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने की जानकारी दी गयी है।
रांची मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि आने वाले छह अक्टूबर तक राज्य में बारिश का असर रहेगा। इसे लेकर विभाग ने तीन अक्टूबर तक का येलो अलर्ट जारी किया है। वहीं, चार से छह अक्टूबर को भी बारिश की भी संभावना जतायी गयी है। बारिश का असर पश्चिम बंगाल में बने निम्न दबाव क्षेत्र के कारण देखा जा रहा है, जिससे राज्य के पूर्वी और मध्य भाग में बारिश का विशेष असर देखा जा रहा है।
बीते रविवार को राज्य भर में जमकर बारिश रिकॉर्ड की गई। पलामू में 75.5 मिमी, रामगढ़ में 67 मिमी, गढ़वा 44 मिमी, रांची में 46 मिमी, सिमडेगा में 18 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विज्ञान के अनुसार आने वाले 10 अक्टूबर तक लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जायेगी। इस दौरान तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस तक की कमी दर्ज की जायेगी, जिसके बाद लोगों को ठंडक का एहसास होगा।