29.1 C
Kolkata
Saturday, July 4, 2026

झारखंड चैंबर की उप समितियों की बैठक, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जलापूर्ति और पौधरोपण पर लिए गए अहम फैसले

रांची। फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की विभिन्न उप समितियों की बैठक शनिवार को चैंबर भवन में आयोजित हुई। बैठकों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन, रांची की जलापूर्ति व्यवस्था और मानसून के मद्देनजर पौधरोपण अभियान सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।

मुकेश और किशोर कुमार को संगीतमय श्रद्धांजलि

फिल्म-कला उप समिति की बैठक में निर्णय लिया गया कि 22 जुलाई को महान पार्श्वगायक स्वर्गीय मुकेश की जयंती तथा 4 अगस्त को किशोर कुमार की जयंती के अवसर पर चैंबर भवन में विशेष संगीतमय श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। उप समिति के चेयरमैन आनंद जालान ने बताया कि इस अवसर पर मुकेश सहित अन्य महान कलाकारों को उनके सदाबहार गीतों के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी।

रुक्का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट की मरम्मत पूरी, जलापूर्ति हो रही सामान्य

वाटर रिसोर्स उप समिति की बैठक में चेयरमैन राजीव प्रकाश चौधरी ने रुक्का-बूटी के कार्यपालक अभियंता चंद्रशेखर के साथ हुई बातचीत की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि 1 और 2 जुलाई को गेतलसूद डैम स्थित पुराने रुक्का वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में राइजिंग पाइपलाइन की मरम्मत और 6 मीटर पाइप बदलने के कारण दो दिनों का शटडाउन लिया गया था, जिससे शहर के कई इलाकों में जलापूर्ति प्रभावित हुई। मरम्मत कार्य पूरा होने के बाद 3 जुलाई से प्लांट से पानी की आपूर्ति फिर से शुरू कर दी गई है और जलापूर्ति को पूरी तरह सामान्य करने की प्रक्रिया जारी है।

पर्याप्त वर्षा होने पर चलेगा व्यापक पौधरोपण अभियान

स्वच्छ भारत एवं पौधरोपण उप समिति की बैठक में राज्य में मानसून की देरी पर चिंता व्यक्त की गई। उप समिति के चेयरमैन किशन अग्रवाल ने कहा कि जुलाई का पहला सप्ताह शुरू होने के बावजूद अपेक्षित वर्षा नहीं होने से किसानों के साथ-साथ वन महोत्सव के तहत प्रस्तावित पौधरोपण अभियान भी प्रभावित हो सकता है। बैठक में निर्णय लिया गया कि पर्याप्त वर्षा शुरू होते ही उप समिति बड़े स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाएगी।

बैठकों में चैंबर के उपाध्यक्ष राम बांगड़, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, उप समिति चेयरमैन आनंद जालान, राजीव प्रकाश चौधरी, किशन अग्रवाल तथा सदस्य विजय कुमार महतो, अनिल कुमार, वंदना उपाध्याय सहित कई सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

नवीनतम लेख