ग्लासगो: भारत के स्टार भारोत्तोलक लवप्रीत सिंह ने राष्ट्रमंडल खेल 2026 के पुरुषों के +110 किग्रा सुपर हेवीवेट वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। उन्होंने कुल 388 किलोग्राम (176 किग्रा स्नैच + 212 किग्रा क्लीन एंड जर्क) वजन उठाकर दूसरा स्थान हासिल किया। न्यूजीलैंड के डेविड एंड्रयू लिटी ने 389 किलोग्राम वजन उठाकर महज एक किलोग्राम के अंतर से स्वर्ण पदक जीता।
28 वर्षीय लवप्रीत ने स्नैच में अपने तीनों प्रयास सफलतापूर्वक पूरे किए। उन्होंने क्रमशः 168, 173 और 176 किलोग्राम वजन उठाया। 176 किलोग्राम का उनका तीसरा प्रयास राष्ट्रमंडल खेलों का नया स्नैच रिकॉर्ड भी बन गया।
मुकाबले में बड़ा उलटफेर तब हुआ जब स्वर्ण के प्रबल दावेदार समोआ के सनेले माओ स्नैच में 175 किलोग्राम के तीनों प्रयासों में असफल होकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए। इसका फायदा उठाते हुए लवप्रीत ने स्नैच के बाद 10 किलोग्राम की बढ़त बना ली।
हालांकि क्लीन एंड जर्क में मुकाबला पलट गया। लवप्रीत ने 212 किलोग्राम का सफल प्रयास किया, लेकिन 217 किलोग्राम उठाने में असफल रहे। दूसरी ओर डेविड लिटी ने 223 किलोग्राम वजन उठाकर क्लीन एंड जर्क का नया खेल रिकॉर्ड बनाया और कुल 389 किलोग्राम के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।
लवप्रीत ने बर्मिंघम 2022 में 109 किग्रा वर्ग में जीते कांस्य पदक से एक कदम आगे बढ़ते हुए इस बार रजत पदक हासिल किया। उनका यह प्रदर्शन भारतीय भारोत्तोलन दल के लिए राष्ट्रमंडल खेल 2026 का शानदार समापन साबित हुआ।
