29.8 C
Kolkata
Wednesday, June 3, 2026

लिफ्ट देकर लूटने’ वाले गैंग का पर्दाफाश: थार और वेन्यू कार से चलते थे 5 शातिर बदमाश, पुलिस ने दबोचा

नोएडा । दिल्ली-एनसीआर (NCR) में देर रात सफर करने वाले मुसाफिरों और टैक्सी चालकों को निशाना बनाने वाले एक बेहद शातिर गिरोह का नोएडा की सूरजपुर थाना पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने लिफ्ट देने के बहाने लूटपाट करने वाले इस गैंग के 5 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी लग्जरी गाड़ियों में घूमते थे और पलक झपकते ही राहगीरों को अपना शिकार बना लेते थे।

थार-वेन्यू कार समेत 20 मोबाइल और हथियार बरामद
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए बदमाशों के कब्जे से भारी मात्रा में सामान और अवैध हथियार बरामद किए हैं। वारदात में इस्तेमाल होने वाली एक थार (Thar) और एक वेन्यू (Venue) कार। विभिन्न वारदातों में लूटे गए 20 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और ₹4,000 की नकदी। वारदात के वक्त डराने के लिए इस्तेमाल होने वाले तमंचे, जिंदा कारतूस और तेज धारदार चाकू।

गिरफ्तार बदमाशों की कुंडली
पकड़े गए आरोपियों की उम्र महज 19 से 23 वर्ष के बीच है, लेकिन इनके कारनामे बेहद सनसनीखेज हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
अंकित सिंह (19 वर्ष) – निवासी: उन्नाव, दीपांशु (19 वर्ष) – निवासी: बुलंदशहर, तरुण ठाकुर (19 वर्ष) – निवासी: बुलंदशहर, मोहित राजपूत (19 वर्ष) – निवासी: बुलंदशहर (हिस्ट्रीशीटर), नवाब भाटी उर्फ संदीप भाटी (23 वर्ष) – निवासी: गढ़ी शहदरा, सेक्टर-142, नोएडा

किराए पर गाड़ी लेकर देते थे वारदात को अंजाम, स्टाइल था बेहद खतरनाक
सेंट्रल नोएडा के डीसीपी शैलेंद्र कुमार सिंह ने इस गैंग के मोडस ऑपेरंडी (Modus Operandi) का खुलासा करते हुए बताया “ये आरोपी पिछले 6 महीने से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और पूरे एनसीआर क्षेत्र में सक्रिय थे। ये अक्सर किराए पर महंगी गाड़ियां लेते थे ताकि किसी को शक न हो। देर रात सड़क पर जा रहे लोगों को ये लिफ्ट देने के बहाने गाड़ी में बैठाते थे, फिर सुनसान जगह पर ले जाकर उनके साथ मारपीट करते थे और मोबाइल, कैश व अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे।”

रोड रेज का नाटक कर भी लूटते थे: डीसीपी ने बताया कि ये बदमाश जानबूझकर सड़कों पर लापरवाही से गाड़ी चलाते थे। अगर कोई राहगीर या टैक्सी चालक इन्हें टोकता या मना करता, तो ये उसे रोककर मारपीट शुरू कर देते और रोड रेज की आड़ में लूटपाट कर लेते थे। ये अब तक 20 से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुके हैं।

16 मई की वारदात के बाद हरकत में आई पुलिस
बीती 16 मई की तड़के इस गैंग ने ग्रेटर नोएडा के ईटा-1 क्षेत्र में एक टैक्सी चालक को अपना शिकार बनाया था। बदमाशों ने चालक के साथ बेरहमी से मारपीट की और उसका मोबाइल, ₹5,000 कैश और यहाँ तक कि उसकी कार की चाबी भी लूट ली थी। इस मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार इन पर नजर रख रही थी।

पुराना है आपराधिक इतिहास
पुलिस के मुताबिक, आरोपी मोहित राजपूत पर पहले से ही दादरी और सूरजपुर थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं। वहीं नवाब, अंकित, तरुण और दीपांशु के खिलाफ भी लूट और आर्म्स एक्ट के तहत पुराने मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस इस गैंग के कुछ अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी है।

Related Articles

नवीनतम लेख