27.4 C
Kolkata
Wednesday, July 29, 2026

भारत-जर्मनी विकास सहयोग को मजबूत करने के लिए नई दिल्ली में हुई अहम बैठक

नई दिल्ली । नीति आयोग और जर्मनी के एक प्रतिनिधिमंडल के बीच नई दिल्ली में भारत-जर्मनी विकास सहयोग को मजबूत करने के लिए अहम बैठक हुई।

नीति आयोग ने शनिवार को एक्स पर एक पोस्ट में बताया कि इस बैठक की अध्यक्षता नीति आयोग के अर्थशास्त्र और वित्त कार्यक्रम निदेशक संजीत सिंह ने की और जर्मन पक्ष का नेतृत्व संघीय आर्थिक सहयोग और विकास मंत्रालय (बीएमजेड) की एशिया और दक्षिण एशिया नीति मामलों की डिवीजन प्रमुख बारबरा शेफर ने किया।

इससे पहले नीति आयोग ने भारत-जर्मनी विकास साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए एक खास द्विपक्षीय चर्चा के लिए जर्मनी के एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। बैठक में स्वच्छ ऊर्जा, पर्यावरण संरक्षण, टिकाऊ विकास, कृषि सुधार, जल प्रबंधन और हरित अर्थव्यवस्था में छोटे और मध्यम उद्योगों की भागीदारी जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान दोनों पक्षों ने जलवायु परिवर्तन से निपटने और सतत विकास के लिए आपसी सहयोग बढ़ाने पर भी जोर दिया।

आयोग के अनुसार चर्चा में सहयोग के मुख्य क्षेत्रों को शामिल किया गया, जिनमें भारत का नेट जीरो ट्रांज़िशन, नवीकरणीय ऊर्जा, सर्कुलर इकोनॉमी, पीपीपी के जरिए टिकाऊ बुनियादी ढांचा, कृषि में बदलाव, जल संसाधन प्रबंधन, ग्रीन इकोनॉमी में एसएमई की भागीदारी और जीएसडीपी प्रतिबद्धताओं के साथ द्विपक्षीय वित्तपोषण का तालमेल शामिल था।

दोनों पक्षों ने जर्मनी की तकनीकी विशेषज्ञता और विकास वित्त क्षमताओं तथा भारत की नीतिगत महत्वाकांक्षा और संस्थागत पैमाने के बीच आपसी पूरकता पर जोर दिया। इन चर्चाओं में बुनियादी ढांचे के वित्त पोषण में सहयोग को मज़बूत करने और भारत के जलवायु और नियामक ढांचे में वैश्विक निवेशकों का भरोसा बढ़ाने पर विचार किया गया। इस बैठक का समापन निरंतर बातचीत और सहयोग के माध्यम से भारत-जर्मनी विकास साझेदारी को और गहरा करने की साझा प्रतिबद्धता के साथ हुआ।

Related Articles

नवीनतम लेख