39 C
Kolkata
Tuesday, June 16, 2026

झारखंड T20 क्रिकेट लीग: रांची टाइटन्स और छोटानागपुर रॉयल्स ने जीते रोमांचक मुकाबले; विवेक कुमार का शतक गया बेकार

रांची । झारखंड T20 क्रिकेट लीग 2026 के छठे दिन JSCA इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में रनों की भारी बारिश देखने को मिली. रोमांच की पराकाष्ठा तक पहुंचे दो अलग-अलग मुकाबलों में रांची टाइटन्स और छोटानागपुर रॉयल्स ने सफलतापूर्वक लक्ष्य का पीछा करते हुए शानदार जीत दर्ज की. इस जीत के साथ ही दोनों टीमों ने टूर्नामेंट में अपनी तीसरी-तीसरी जीत हासिल कर ली है.

पहला मैच: कप्तान राजदीप की ‘तूफानी’ फिफ्टी, रांची टाइटन्स 7 विकेट से जीता

सोमवार को खेले गए दिन के पहले मुकाबले में रांची टाइटन्स के कप्तान राजदीप सिंह ने मोर्चे से अगुवाई करते हुए संथाल स्ट्राइकर्स के जबड़े से जीत छीन ली.

  • संथाल स्ट्राइकर्स की पारी: पहले बल्लेबाजी करते हुए संथाल स्ट्राइकर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 210/8 का विशाल स्कोर खड़ा किया. टीम के ओपनर विवेक कुमार ने मैदान के चारों तरफ चौके-छक्के बरसाते हुए महज 44 गेंदों पर 101 रनों की तूफानी शतकीय पारी खेली. रांची की ओर से सौरभ शेखर और प्रिंस अनुराग मुर्मू ने 3-3 विकेट चटकाए, जबकि राजदीप ने 2 विकेट लिए.

  • रांची टाइटन्स का पलटवार: 211 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए रांची ने एक अनोखी रणनीति अपनाई; सेट बल्लेबाज सत्य सेतु ‘रिटायर्ड आउट’ होकर पवेलियन लौटे और कप्तान राजदीप खुद क्रीज पर आए. उस समय टीम को आखिरी 36 गेंदों में 87 रन चाहिए थे. राजदीप ने विरोधी गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाते हुए लीग की सबसे तेज फिफ्टी (मात्र 14 गेंदों में) ठोक दी. उन्होंने 26 गेंदों में नाबाद 70 रनों की पारी खेली, जबकि श्रेष्ठ ने नाबाद 47 रन बनाए. रांची ने 3 गेंद शेष रहते 7 विकेट से मैच जीत लिया. कप्तान राजदीप को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया.

दूसरा मैच: चंदन मुखी की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी, छोटानागपुर रॉयल्स 2 विकेट से विजयी

दिन का दूसरा मुकाबला भी आखिरी ओवर के थ्रिलर तक पहुंचा, जहां छोटानागपुर रॉयल्स ने जमशेदपुर स्टीलर्स को मात दी.

  • जमशेदपुर स्टीलर्स की पारी: पहले बैटिंग करते हुए जमशेदपुर स्टीलर्स ने 20 ओवर में 178/8 का चुनौतीपूर्ण स्कोर बनाया. कुमार देवब्रत ने 16 गेंदों में 43 रन और साहिल राज ने 36 रनों का योगदान दिया, जबकि अंत में एमडी कौनेन कुरैशी ने 18 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाकर टीम को मजबूत फिनिश दिया. रॉयल्स के लिए राहुल रजक ने 3 और सुप्रियो चक्रवर्ती ने 2 विकेट लिए.

  • छोटानागपुर रॉयल्स की रनचेज: लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल्स को ओपनर विराट सिंह (33 रन), अविनाश कुमार (26 रन) और मोहित कुमार (25 रन) ने सधी हुई शुरुआत दी. लेकिन असली धमाका किया चंदन कुमार मुखी ने, जिन्होंने महज 11 गेंदों में ताबड़तोड़ 33 रन बनाकर मैच का पासा पूरी तरह पलट दिया. जमशेदपुर की ओर से अनुराग सिंह सेंगर, मो कौनेन कुरैशी और अमन कुमार सिंह ने 2-2 विकेट लेकर मैच को फंसाने की कोशिश की, लेकिन रॉयल्स ने संयम रखते हुए 1 गेंद शेष रहते 2 विकेट से रोमांचक जीत दर्ज की. चंदन मुखी को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का अवॉर्ड मिला.

पॉइंट्स टेबल का समीकरण और आज के मुकाबले

इस जीत के बाद भी पॉइंट्स टेबल में कोयलांचल सुपर किंग्स चार मैचों में तीन जीत के साथ टॉप पर बनी हुई है. वहीं रांची टाइटन्स दूसरे और छोटानागपुर रॉयल्स तीसरे स्थान पर मजबूती से काबिज हैं.

16 जून (आज) के मुकाबले:

  • पहला मैच (दोपहर 1:00 बजे): कोयलांचल सुपर किंग्स बनाम संथाल स्ट्राइकर्स

  • दूसत्र मैच (शाम 6:30 बजे): रांची टाइटन्स बनाम धनबाद डायमंड्स

Related Articles

नवीनतम लेख