झारखंड हाईकोर्ट के जस्टिस कैलाश प्रसाद देव का निधन, राज्यपाल व सीएम ने जताया शोक

बिरसा भूमि लाइव

रांची : झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस कैलाश प्रसाद देव का रांची के मेडिका अस्पताल में इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह 5:20 आकस्मिक निधन हो गया। हाई कोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए बताया कि जस्टिस केपी देव लंबे समय से कैंसर रोग से पीड़ित थे।

हाई कोर्ट के अधिवक्ता धीरज कुमार ने जस्टिस केपी देव के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि वे हम अधिवक्ताओं के बीच से जज के पद पर चयनित हुए थे। अधिवक्ताओं के प्रति उनका प्रेम, स्नेह और सम्मान के साथ-साथ युवा अधिवक्ताओं को प्रोत्साहित करने और सीखाने की जो जिज्ञासा थी ,उसे कभी भुलाया नहीं जा सकेगा, उनका असमय जाना पूरे अधिवक्ता एवं बेंच के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने बताया है कि दिवंगत न्यायमूर्ति केपी देव का पार्थिव शरीर उनके डोरंडा नेपाल हाउस स्थित आवास पर श्रद्धांजलि के लिए रखा गया है । दोपहर तीन बजे उनका पार्थिव शरीर उनके आवास से झारखंड हाई कोर्ट परिसर में लाया जाएगा। इसके बाद अंतिम यात्रा चार बजे मुक्तिधाम के लिए झारखंड हाई कोर्ट से प्रस्थान करेगा। 4:15 बजे उन्हें अंतिम विदाई दी जाएगी।

राज्यपाल ने निधन पर जताया शोक

राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने झारखंड हाई कोर्ट के न्यायाधीश कैलाश प्रसाद देव के निधन पर शोक जताया है। राज्यपाल ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि न्यायाधीश के असामयिक निधन अत्यन्त दुखद और पीड़ादायक है। उनका निधन न्यायिक जगत में एक अपूरणीय क्षति है। शोकाकुल परिवारजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें यह पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें।

मुख्यमंत्री ने निधन पर जताया दुख

झारखंड हाई कोर्ट के जस्टिस कैलाश प्रसाद देव के निधन पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को ट्वीट कर कहा कि देव का असामयिक निधन अत्यन्त दुखद और पीड़ादायक है। परमात्मा दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख की यह विकट घड़ी सहन करने की शक्ति दे।

Related Articles

Stay Connected

1,005FansLike
200FollowersFollow
500FollowersFollow

Latest Articles