खूंटी। झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश संजय प्रसाद ने शुक्रवार को पूरे परिवार के साथ बाबा आमरेश्वर धाम में विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ और अन्य देवी देवताओं की पूजा-अर्चना की। आम्रेश्वर धाम के मुख्य पुजारी पंडित हरिहर कर ने न्यायाधीश संजय प्रसाद काे वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शिव पूजन संपन्न कराया। मौके पर भोलेनाथ की आरती की गई। न्यायाधीश के धाम परिसर पहुंचने पर पर बना आम्रेश्वर धाम प्रबन्ध समिति की ओर से महामंत्री मनोज कुमार और महेंद्र भगत ने अंग-वस्त्र भेंट कर उनका स्वागत किया। पूजा-अर्चना के बाद प्रस्थान के समय समिति की ओर से बाबा आम्रेश्वर धाम का स्मृति-चिह्न भी प्रदान किया गया। इस अवसर पर खूंटी प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश रसिकेश कुमार के अलावा खूंटी के पुलिस अधीक्षक मनीष टोप्पो, खूंटी के अनुमंडल पदाधिकारी, तोरपा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी क्रिस्टोफर केरकेट्टा, खूंटी के पुलिस उपाधीक्षक, मुरहू के अंचलाधिकारी के अलावा खूंटी एवं तोरपा के थाना प्रभारी भी उपस्थित थे।


