रांची : झारखंड के उद्योग, व्यापार और कौशल विकास को नई दिशा देने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल की गई। एक्सआइएसएस, रांची और फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैम्बर ऑफ कॉमर्स & इंडस्ट्रीज के बीच आज कॉलेज परिसर में एक सहयोग समझौता किया गया। इस एमओयू पर एक्सआइएसएस की ओर से निदेशक फादर जोसेफ मारियानुस कुजूर एवं झारखंड चैंबर की ओर से चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने हस्ताक्षर किए।
चैंबर अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने कहा कि यह एमओयू झारखंड के उद्योग और व्यापार जगत के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा। इससे उद्योगों को स्किल्ड और इंडस्ट्री-रेडी मानव संसाधन उपलब्ध होगा, वहीं युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा, इंटर्नशिप और प्लेसमेंट के बेहतर अवसर मिलेंगे। एमओयू के तहत इंडस्ट्रियल स्किल गैप एनालिसिस, इंडस्ट्री-रेडी पाठ्यक्रम निर्माण, संरचित इंटर्नशिप एवं प्लेसमेंट, सीएसआर आधारित ग्रामीण विकास, सतत विकास लक्ष्यों पर संयुक्त शोध एवं नीति-निर्माण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग किया जाएगा। इससे झारखंड के एमएसएमई, उद्योग और व्यापारिक संस्थानों को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा। चैम्बर अध्यक्ष ने कहा कि झारखंड चैंबर उद्योग और शिक्षा के बीच की दूरी को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है और यह एमओयू राज्य के आर्थिक, सामाजिक एवं औद्योगिक विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
चैम्बर के सह सचिव नवजोत अलंग ने कहा कि एक्साआईएसएस और झारखण्ड चैम्बर के बीच आज हुआ एमओयू उद्योग और शिक्षा जगत के बीच मजबूत समन्वय की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे छात्रों को व्यावहारिक अनुभव और उद्योगों को योग्य मानव संसाधन मिलेगा। सह सचिव रोहित पोद्दार ने कहा कि राज्य आधारित उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप स्किलिंग पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है, ताकि राज्य के स्थानीय युवाओं को यहीं पर बेहतर रोजगार एवं करियर के अवसर उपलब्ध कराए जा सकें। इंडस्ट्री और शैक्षणिक संस्थान के इस सहयोग से ऐसा कौशल विकास मॉडल तैयार किया जाएगा, जो स्थानीय संसाधनों, उद्योगों और मानव क्षमता को जोड़ते हुए झारखंड के आर्थिक विकास को मजबूती देगा। इस अवसर पर एक्सआइएसएस के वरिष्ठ अधिकारी एवं फैकल्टी सदस्य उपस्थित रहे।


