29 C
Kolkata
Wednesday, May 13, 2026

नक्सल हमले में घायल जवान दिल्ली शिफ्ट, ग्रीन कॉरिडोर बनाकर भेजा गया एयरपोर्ट

रांची | बुधवार को सारंडा में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में घायल सीआरपीएफ के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश और शैलेश कुमार दुबे को बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से दिल्ली भेज दिया गया है. गुरुवार को रांची स्थित अस्पताल से लेकर एयरपोर्ट तक ग्रीन कॉरिडोर बनाकर दोनों जवानों को बेहतर इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से दिल्ली भेजा गया है.

बेहतर इलाज के लिए दिल्ली भेजा गया

सारंडा में हुए नक्सली मुठभेड़ में घायल कोबरा बटालियन के इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश और शैलेश कुमार दुबे को डॉक्टर ने एम्स रेफर कर दिया है. बुधवार को नक्सलियों के साथ हुए एनकाउंटर में सत्य प्रकाश और शैलेश कुमार दुबे जख्मी हो गए थे, जिसके बाद उन्हें एयरलिफ्ट कर रांची लाया गया था.

रांची में इलाज के बाद गुरुवार को डॉक्टर ने दोनों के बेहतर इलाज को लेकर दिल्ली जाने की सलाह दी. जिसके बाद रांची ट्रैफिक पुलिस के द्वारा अस्पताल से लेकर एयरपोर्ट तक ग्रीन कॉरिडोर बनाया गया.

4 से पांच मिनट में एयरपोर्ट पहुंचाया गया

जैसे ही ट्रैफिक पुलिस को यह सूचना मिली कि घायल इंस्पेक्टर सत्य प्रकाश और शैलेश कुमार दुबे को एयर एंबुलेंस से इलाज के लिए दिल्ली भेजना है, तुरंत ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने अपनी टीम को एक्टिव किया. आनन-फानन में अस्पताल से लेकर रांची एयरपोर्ट तक ग्रीन कॉरिडोर बना दिया गया. एक घंटे के अंतराल पर दोनों घायलों को मात्र 4 से 5 मिनट के बीच रांची एयरपोर्ट पहुंचा दिया गया.

रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि ट्रैफिक टीम ने ग्रीन कॉरिडोर बना कर दोनों घायलों को एयरपोर्ट काफी कम समय मे पहुंचा दिया गया.

Related Articles

नवीनतम लेख