31.4 C
Kolkata
Saturday, March 14, 2026

श्री सीमेंट कप के फाइनल में जयपुर पोलो टीम,जैगढ़ को 6–2 से हराया

जयपुर। जयपुर पोलो टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शनिवार को जैगढ़ पोलो टीम को 6–2 से हराकर श्री सीमेंट कप के फाइनल में जगह बना ली। मैच की शुरुआत से ही जयपुर टीम ने आक्रामक खेल दिखाया और पहले हाफ में ही मजबूत बढ़त बनाकर मुकाबले पर लगभग कब्जा कर लिया। हालांकि तीसरे चक्कर में जैगढ़ ने वापसी की कोशिश की, लेकिन जयपुर ने संयमित खेल के साथ बढ़त बनाए रखते हुए जीत सुनिश्चित कर ली।

पहले चक्कर में जयपुर टीम की शानदार राइडिंग और बेहतरीन पोजिशनिंग देखने को मिली, जिससे जैगढ़ टीम शुरुआत में ही दबाव में आ गई। पहले चक्कर के अंत तक जयपुर 3–0 की बढ़त बना चुका था। टीम के लिए पहला गोल कुंवर प्रताप सिंह कनोटा ने किया, जबकि इसके बाद महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह ने लगातार दो गोल दागकर टीम की बढ़त मजबूत कर दी।

दूसरे चक्कर में भी जयपुर टीम का दबदबा जारी रहा। शानदार पासिंग और तालमेल के दम पर टीम ने कई मौके बनाए, जबकि जैगढ़ की टीम उनकी मजबूत रक्षापंक्ति को तोड़ने में नाकाम रही। हाफ टाइम तक जयपुर ने स्कोर 5–0 कर दिया, जिससे फाइनल की राह लगभग साफ हो गई।

हाफ टाइम के बाद तीसरे चक्कर में जैगढ़ टीम ने बेहतर समन्वय के साथ वापसी की कोशिश की और मुकाबला कुछ हद तक प्रतिस्पर्धी बना। हालांकि जयपुर टीम ने बढ़त बनाए रखी और तीसरे चक्कर के अंत तक स्कोर 6–2 हो गया।

अंतिम चक्कर में जयपुर ने संयमित रणनीति अपनाते हुए गेंद पर नियंत्रण बनाए रखा और अपनी बढ़त की रक्षा पर ध्यान दिया। इस दौरान कोई बड़ा स्कोरिंग बदलाव नहीं हुआ और अंततः जयपुर ने 6–2 से मुकाबला जीतकर फाइनल में प्रवेश कर लिया।

सेमीफाइनल में जीत के साथ जयपुर पोलो टीम अब इस सत्र की अपनी 10वीं ट्रॉफी की ओर बढ़ रही है। मुकाबले में महाराजा सवाई पद्मनाभ सिंह ने चार गोल दागे और दो मैचों में अपने कुल गोल की संख्या 10 तक पहुंचा दी। वहीं कुंवर प्रताप सिंह कनोटा ने दो गोल कर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles