रांची। एचईसी क्षेत्र में राष्ट्रव्यापी हड़ताल के दिन बुधवार को हटिया प्रोजेक्ट वर्कर्स यूनियन (इंटक) की ओर से हैवी मशीन बिल्डिंग प्लांट (एचएमबीपी) गेट के समक्ष प्रदर्शन किया। माैके पर यूनियन के महामंत्री लीलाधर सिंह ने कहा कि एचईसी की दयनीय वित्तीय स्थिति को देखते हुए इस प्रदर्शन को औपचारिक रूप से राष्ट्रीय हड़ताल से अलग रखा गया, फिर भी एचएमबीपी गेट के समक्ष यूनियनों ने प्रदर्शन किया गया। हड़ताल का प्रभाव मेरीन डीजल इंजन प्लांट, बासल, सीसीएल, मेकान और सहित विभिन्न बैंकों में रहा।
लीलाधर ने मांग किया कि चारों श्रम संहिताओं को रद्द किया जाए, सम्मानजनक रोजगार के अवसर सृजित किए जाएं और न्यूनतम वेतन की गारंटी सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने कृषि उत्पादों पर वैज्ञानिक आधार पर एमएसपी लागू करने, सभी श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा एवं मेडिकल इंश्योरेंस कवर देने, निजीकरण की प्रक्रिया पर रोक लगाने और सार्वजनिक उपक्रमों की बिक्री बंद करने की भी मांग की। मौके पर राजेन्द्र कांत महतो, गिरीश कुमार चौहान, भोला साव, शेख मैजुल, अजय कुमार सिंह, बीरेंद्र तिवारी, रामजी उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी कार्यकर्ता मौजूद थे।


