31.4 C
Kolkata
Saturday, March 14, 2026

इंडिगो भी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगाएगी फ्यूल सरचार्ज

नई दिल्ली। एयर इंडिया के बाद इंडिगो ने भी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज लगाने का ऐलान किया है। यह सरचार्ज 14 मार्च को रात 12 बजकर 1 मिनट से प्रभावी होगा।

देश की प्रमुख विमानन कंपनी इंडिगो ने शुक्रवार को घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज लागू करने की घोषणा की है। एयरलान ने कहा कि यह सरचार्ज पश्चिम एशियाई क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच लगाया जा रहा है, जिसके चलते दुनियाभर में कच्चे तेल की कीमतें तेज़ी से बढ़ रही हैं।

इंडिगो ने बताया कि 14 मार्च से उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज लागू किया जाएगा। यह शुल्क प्रत्येक सेक्टर पर टिकट कीमत में जोड़ा जाएगा। कंपनी ने कहा कि पश्चिम एशिया में जारी भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण ईंधन कीमतों में तेज वृद्धि के चलते यह कदम उठाया गया है।

कंपनी ने जारी एक बयान में कहा कि यह फ्यूल सरचार्ज 14 मार्च को रात 12 बजकर 1 मिनट से प्रभावी होगा। घरेलू भारत और भारतीय उपमहाद्वीप के मार्गों पर प्रति सेक्टर 425 रुपये का अतिरिक्त शुल्क लिया जाएगा। इंडिगो ने कहा कि मध्य पूर्व के मार्गों पर यह शुल्क 900 रुपये रहेगा। दक्षिण-पूर्व एशिया और चीन के मार्गों पर 1800 रुपये तथा अफ्रीका और पश्चिम एशिया के मार्गों पर भी 1800 रुपये का फ्यूल चार्ज लगाया जाएगा। यूरोप के लिए प्रति सेक्टर 2300 रुपये का अतिरिक्त शुल्क निर्धारित किया गया है।

कंपनी ने कहा कि एविएशन टर्बाइन फ्यूल विमानन कंपनियों के संचालन खर्च का बड़ा हिस्सा होता है। ईंधन कीमतों में अचानक और तेज वृद्धि से संचालन लागत पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ा है। कंपनी ने यह भी कहा कि ग्राहकों पर अधिक भार न पड़े, इसलिए अपेक्षाकृत कम फ्यूल चार्ज लगाया गया है। स्थिति के अनुसार भविष्य में इसमें आवश्यक बदलाव किए जा सकते हैं।

उल्लेखनीय है कि अंतरराष्ट्रीय एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के जेट फ्यूल मॉनिटर के अनुसार पश्चिम एशिया क्षेत्र में जेट फ्यूल की कीमतों में 85 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे वैश्विक विमानन उद्योग की लागत पर दबाव बढ़ा है।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles