रांची। राजधानी रांची के सदर थाना क्षेत्र के कोकर स्थित खोरहाटोली में बुधवार सुबह घर में घुसकर एक व्यक्ति की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। अपराधियों ने कमरे में सो रहे रमेश ठाकुर के सिर पर लोहे के औजार से कई वार कर उनकी हत्या कर दी। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
कमरे में खून से लथपथ मिला शव
पुलिस के अनुसार, रमेश ठाकुर मंगलवार रात अपने कमरे में अकेले सोए थे। बुधवार सुबह परिजनों ने कमरे का दरवाजा खोला तो उनका शव खून से लथपथ मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और साक्ष्य जुटाने के साथ फॉरेंसिक जांच भी शुरू कर दी।
किरायेदारों और परिचितों से पूछताछ
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि रमेश ठाकुर के दो मकान पास-पास हैं। एक मकान किराये पर दिया गया है, जबकि उसी मकान में उन्होंने अपने रहने के लिए एक कमरा सुरक्षित रखा था। पुलिस किरायेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार, रमेश ठाकुर पहले जमीन के कारोबार से जुड़े थे और हाल के दिनों में झाड़-फूंक का काम भी करते थे। पुलिस उनके पुराने विवाद, व्यक्तिगत संबंध और अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
सदर थाना प्रभारी कुलदीप ने बताया कि हत्या के कारणों की गहन जांच की जा रही है। शुरुआती जांच में वारदात में मृतक के परिचित लोगों की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। संदिग्धों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं।
