34.8 C
Kolkata
Saturday, July 4, 2026

अवैध पेट्रोल कारोबार का भंडाफोड़: 170 लीटर ईंधन के साथ एक गिरफ्तार, लोडर जब्त

औरैया। उत्तर प्रदेश में औरैया जनपद के अयाना थाना क्षेत्र में पुलिस और पूर्ति विभाग की संयुक्त टीम ने अवैध पेट्रोल कारोबार का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 170 लीटर अवैध पेट्रोल और एक बिना नंबर का तीन पहिया टेपों लोडर जब्त किया है। आरोपी बिना किसी वैध लाइसेंस के ईंधन खरीदकर ऊंचे दामों पर उसकी कालाबाजारी करता था।

मध्य रात्रि चेकिंग के दौरान हत्थे चढ़ा आरोपी

अयाना थाना पुलिस जुहीखा पुल के पास देर रात संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान रात करीब 2:45 बजे बिना नंबर प्लेट के एक लोडर को रोककर तलाशी ली गई। वाहन चालक दीपेश सिंह (निवासी पाकर का पूर्वा) के पास से प्लास्टिक की 6 केन बरामद हुईं, जिनमें से 5 केनों में कुल 170 लीटर पेट्रोल भरा हुआ था। वैध दस्तावेज और रसीद न दिखा पाने पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।

आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज

सूचना मिलते ही पूर्ति निरीक्षक प्रीतम कुमार तिवारी ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह फुटकर में ऊंचे दामों पर बेचने के लिए पेट्रोल की कालाबाजारी कर रहा था। पुलिस ने दुबे फिलिंग स्टेशन के प्रबंधक की सुपुर्दगी में बरामद पेट्रोल को सुरक्षित रखवा दिया है। थाना प्रभारी जयप्रकाश पाल ने बताया कि पूर्ति निरीक्षक की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

नवीनतम लेख