21 C
Kolkata
Tuesday, April 7, 2026

IIT (ISM) धनबाद: ‘इंवेटिव 2026’ का आगाज, राज्यपाल ने कहा- नवाचार से ही ‘विकसित भारत 2047’ का सपना होगा साकार

धनबाद | भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT-ISM) धनबाद में सोमवार को नवाचार और अनुसंधान के महाकुंभ ‘इंवेटिव 2026’ का भव्य उद्घाटन हुआ। इस अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुरुआत की। उन्होंने देश के युवाओं और स्टार्टअप्स से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

भारत की ज्ञान परंपरा और वैश्विक नेतृत्व
समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि भारत की समृद्ध ज्ञान परंपरा ने सदियों से विश्व का मार्गदर्शन किया है। आज देश एक बार फिर रिसर्च और इनोवेशन के दम पर उस गौरव को वापस पा रहा है। उन्होंने ‘इंवेटिव 2026’ को एक ऐसा मंच बताया जहाँ शोध, निवेश और नीति मिलकर देश के विकास को नई ऊंचाई दे रहे हैं।

AI और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों में 150+ नवाचारों का प्रदर्शन
इस आयोजन में देश के प्रतिष्ठित संस्थानों और स्टार्टअप्स द्वारा 150 से अधिक उच्च-क्षमता वाले मॉडल्स का प्रदर्शन किया जा रहा है। इनमें मुख्य रूप से शामिल हैं: कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और डिजिटल इंडिया। स्वास्थ्य सेवा (Healthcare) और सेमीकंडक्टर। मटेरियल साइंस और पृथ्वी विज्ञान।

राज्यपाल ने इस बात पर जोर दिया कि ये नवाचार लैब से निकलकर सीधे जमीन (Lab to Land) तक पहुँचने चाहिए, ताकि नए स्टार्टअप्स और रोजगार के अवसर पैदा हो सकें।

वाधवाणी इनोवेशन सेंटर का उद्घाटन
राज्यपाल ने संस्थान की शैक्षणिक उत्कृष्टता की सराहना करते हुए वाधवाणी इनोवेशन सेंटर और प्रोजेक्ट रिन्यू सूर्या का भी उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 और स्टार्टअप इंडिया जैसी योजनाएं युवाओं की सृजनशीलता को नई दिशा दे रही हैं। उन्होंने छात्रों को अनुशासन और सकारात्मकता के साथ राष्ट्र निर्माण में जुटने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

नवीनतम लेख