नई दिल्ली। अफगानिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर मोहम्मद नबी पर अंपायर के फैसले का विरोध करने के चलते मैच फीस का 15 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। यह कार्रवाई दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बुधवार को खेले गए मुकाबले के दौरान हुई घटना के बाद की गई। यह घटना अफगानिस्तान की पारी के 14वें ओवर में हुई, जब नबी ने दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी के कलाई बैंड (व्रिस्ट बैंड) को लेकर अंपायरों से लंबी बहस की। अंपायर के फैसले पर आपत्ति जताने के कारण उन्होंने आईसीसी आचार संहिता के लेवल-1 का उल्लंघन किया।
आईसीसी ने गुरुवार को जारी बयान में बताया कि नबी ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और अमीरात आईसीसी इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी के डेविड गिल्बर्ट द्वारा प्रस्तावित सजा को मान लिया है। इसके चलते औपचारिक सुनवाई की आवश्यकता नहीं पड़ी। पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला अपराध था, इसलिए उनके खाते में एक डिमेरिट अंक भी जोड़ा गया है। मुकाबला बेहद रोमांचक रहा और निर्धारित ओवरों में मैच टाई हो गया। इसके बाद विजेता का फैसला करने के लिए दो सुपर ओवर खेले गए, जिसमें अंततः दक्षिण अफ्रीका ने जीत हासिल कर दो अंक अपने नाम किए।


