सीवान । बिहार के सीवान जिले में बेखौफ अपराधियों ने एक बार फिर पुलिसिया इकबाल को चुनौती दी है। रघुनाथपुर थाना क्षेत्र के करसड़ गांव में बुधवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने घर में सो रहे एक बुजुर्ग को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
झोपड़ी का करकट हटाकर की फायरिंग
घायल की पहचान धर्मसाह गोंड़ के रूप में हुई है, जो अनुसूचित जनजाति के नेता जितेंद्र साह के पिता हैं। जानकारी के मुताबिक, धर्मसाह अपनी झोपड़ी में सो रहे थे। रात करीब 12 बजे अपराधियों ने झोपड़ी के ऊपर लगा टीन (करकट) हटाया और ऊपर से सीधे उन पर फायरिंग कर दी।
हालत नाजुक, पटना रेफर
गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और घायल बुजुर्ग को तुरंत रघुनाथपुर रेफरल अस्पताल ले गए। वहां से उन्हें सीवान सदर अस्पताल भेजा गया, लेकिन हालत में सुधार न होते देख डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच (PMCH) पटना रेफर कर दिया है। फिलहाल उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।
पुरानी रंजिश का अंदेशा
स्थानीय सूत्रों और पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार, इस हमले के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस अन्य कोणों से भी मामले की तफ्तीश कर रही है। घटना के बाद से करसड़ गांव के ग्रामीणों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है।
अपराधियों की तलाश में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही रघुनाथपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान के लिए संदिग्ध ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

