19 C
Kolkata
Saturday, February 7, 2026

धनबाद के टुंडी में जंगली हाथियों का तांडव, घर क्षतिग्रस्त, धान की फसल की नष्ट, परिवार बाल-बाल बचा

धनबाद। धनबाद जिले के टुंडी प्रखंड में जंगली हाथियों के एक झुंड ने भारी उत्पात मचाया है। पांच हाथियों के इस झुंड में एक बच्चा हाथी भी शामिल है। यह झुंड गिरिडीह जिले के पीरटांड़ क्षेत्र से होते हुए धनबाद जिले के पश्चिमी टुंडी प्रखंड में प्रवेश किया है। डंडाटांड़ के रास्ते दलुगोड़ा गांव पहुंचते ही हाथियों ने रिहायशी इलाके में आतंक मचा दिया। स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरुवार देर रात हाथियों ने गांव के निवासी रामलाल मुर्मू के घर को क्षतिग्रस्त कर दिया। घर में रखी धान की फसल को हाथियों ने खा लिया, जबकि शेष अनाज को इधर-उधर बिखेर दिया। इसके बाद हाथियों ने दीवार तोड़कर घर के अंदर भी प्रवेश कर लिया।
घटना के समय घर में रामलाल मुर्मू की पत्नी चंदोली मुर्मू और उनकी तीन बेटियां संजोती कुमारी, सेवान्ती कुमारी और समिता कुमारी सो रही थीं। गनीमत रही कि सभी सुरक्षित बच गईं। घटना के वक्त घर के मुखिया रामलाल मुर्मू रोजगार के सिलसिले में बाहर गए हुए थे। घटना की सूचना मिलते ही मशालचियों की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद हाथियों के झुंड को गांव से खदेड़कर चीना पहाड़ी की ओर भेज दिया गया।
शुक्रवार सुबह भाजपा के टुंडी मंडल अध्यक्ष गोविन्द टुडू पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। उन्होंने वन विभाग एवं प्रशासन से संपर्क कर पीड़ित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की। साथ ही तत्काल राहत के तौर पर अनाज उपलब्ध कराने और ठंड से बचाव के लिए गर्म कपड़े देने की बात कही। हाथियों के उत्पात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है और ग्रामीण भय के साए में जीवन बिताने को मजबूर हैं।

Related Articles

Stay Connected

0FansLike
3,851FollowersFollow
0SubscribersSubscribe
- Advertisement -spot_img

Latest Articles