रांची। रांची के मरांग गोमके एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में 28 दिसंबर से शुरू होने वाली हॉकी इंडिया लीग (विमेंस एचआईएल सीजन-2) को लेकर शहर में खेल का उत्साह चरम पर है। रविवार तक लीग में शामिल सभी टीमें रांची पहुंच चुकी हैं और अभ्यास सत्र में जुट गई हैं। रविवार शाम से स्टेडियम में टीमों का अभ्यास शुरू हुआ। सबसे पहले दिल्ली की टीम ने अभ्यास किया, इसके बाद श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स ने मैदान संभाला। देर रात रांची रॉयल्स की टीम ने बॉयज टीम के साथ अभ्यास मैच खेला। इस दौरान खिलाड़ियों ने पासिंग, स्ट्राइक, पेनाल्टी कॉर्नर और शूटआउट पर खास ध्यान दिया।अभ्यास सत्र में टीमों ने खेल के तकनीकी पहलुओं को निखारने पर जोर दिया। फर्स्ट टच, तेज पासिंग, डिफेंस से अटैक में बदलाव, सर्कल के अंदर फिनिशिंग और प्रेसिंग गेम की लगातार प्रैक्टिस की गई। टीमें हर मुकाबले के लिए रणनीति बनाती नजर आईं। लीग के दौरान प्रतिदिन एक मुकाबला खेला जाएगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 28 दिसंबर से होगी, जबकि फाइनल मुकाबला 10 जनवरी को खेला जाएगा। पिछले सीजन की तरह इस बार भी रांची में हॉकी का रोमांच देखने को मिलेगा। घरेलू मैदान पर खेलने वाली रांची रॉयल्स की टीम पर सभी की निगाहें टिकी रहेंगी। टीम में अधिकतर स्थानीय खिलाड़ी शामिल हैं, जिससे दर्शकों को टीम से खास उम्मीदें हैं। कोचिंग स्टाफ के अनुसार टीम हर मैच को फाइनल की तरह खेलेगी।मरांग गोमके एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम को रंग-रोगन और मरम्मत के बाद पूरी तरह तैयार कर लिया गया है। सुरक्षा, लाइटिंग और दर्शकों की बैठने की व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया गया है। इस बार भी दर्शकों के लिए फ्री एंट्री रखी गई है। विमेंस एचआईएल में इस बार चार टीमें भाग ले रही हैं। सभी टीमें 27 दिसंबर तक रोजाना अभ्यास करेंगी। पिछली बार की रनरअप सूरमा हॉकी क्लब और श्राची राढ़ बंगाल टाइगर्स को मजबूत दावेदार माना जा रहा है। वहीं पहली बार लीग में उतर रही रांची रॉयल्स को लेकर स्थानीय दर्शकों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है।


