29 C
Kolkata
Wednesday, April 22, 2026

हॉकी वर्ल्ड कप 2026 : भारतीय पुरुष टीम का अभियान 15 अगस्त से होगा शुरू, 19 अगस्त को पाकिस्तान से मुकाबला

महिला टीम 16 अगस्त से करेगी अभियान की शुरुआत

एम्स्टर्डम । एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के मुकाबले का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। विश्व रैंकिंग में आठवें स्थान पर काबिज भारतीय पुरुष टीम 19 अगस्त को अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ पूल-डी मुकाबला खेलेगी। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 6:30 बजे वैगनर हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा।

भारतीय टीम को पूल-डी में पाकिस्तान के अलावा इंग्लैंड और वेल्स के साथ रखा गया है। इस चार टीमों के समूह से शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे क्वार्टरफाइनल में पहुंचेगी, जबकि दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों को क्रॉस-ओवर मुकाबले खेलने होंगे।

1975 की विश्व कप विजेता भारतीय पुरुष हॉकी टीम अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ करेगी। यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे खेला जाएगा। इसके बाद भारतीय टीम 17 अगस्त को इंग्लैंड से भिड़ेगी, जबकि 19 अगस्त को बहुप्रतीक्षित भारत-पाकिस्तान मुकाबला होगा। पूल चरण के मैच 20 अगस्त तक खेले जाएंगे और नॉक-आउट दौर 21 अगस्त से शुरू होगा।

वहीं भारतीय महिला हॉकी टीम अपने अभियान की शुरुआत 16 अगस्त को एशियाई चैंपियन और विश्व नंबर-4 चीन के खिलाफ करेगी। इसके बाद भारतीय महिला टीम 18 अगस्त को साउथ अफ्रीका से भिड़ेगी और 20 अगस्त को अपने अंतिम लीग मैच में इंग्लैंड से मुकाबला करेगी।

इस बार पुरुष और महिला हॉकी विश्व कप का आयोजन पहली बार संयुक्त रूप से बेल्जियम और नीदरलैंड्स में किया जा रहा है। टूर्नामेंट 15 से 30 अगस्त तक चलेगा। मुकाबले दो स्थानों एम्स्टलवीन के वैगनर स्टेडियम और बेल्जियम के वाव्रे स्थित बेल्फियस हॉकी एरीना में खेले जाएंगे।

भारतीय पुरुष टीम ने एशिया कप जीतकर विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया था, जबकि महिला टीम ने हैदराबाद में आयोजित क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में उपविजेता रहकर इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में जगह बनाई। टूर्नामेंट के कार्यक्रम की घोषणा के बाद भारत-पाकिस्तान मुकाबले को लेकर हॉकी प्रशंसकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

Related Articles

नवीनतम लेख