रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के उत्तरी और मध्य हिस्सों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। लगातार हो रही बारिश से कई जिलों में नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग के अनुसार राजनांदगांव, बिलासपुर, कोरबा, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, बेमेतरा, कबीरधाम, मुंगेली, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और भारी बारिश की आशंका को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं रायपुर, धमतरी, महासमुंद, गरियाबंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, दुर्ग, कांकेर, बालोद, जशपुर समेत कई जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी कर लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
पिछले 24 घंटे में कई इलाकों में हुई अच्छी बारिश
बीते 24 घंटों में मनेन्द्रगढ़ में सबसे अधिक 8 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। बिल्हा और मैनपुर में 7-7 सेंटीमीटर, पटना में 6 सेंटीमीटर तथा मुंगेली, गरियाबंद, जनकपुर-भरतपुर, रामानुजगंज, बैकुंठपुर, लोरमी, मगरलोड और चिरमिरी सहित कई क्षेत्रों में 5 सेंटीमीटर तक वर्षा रिकॉर्ड की गई।
राजधानी रायपुर में सोमवार सुबह से बादल छाए हुए हैं। यहां अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
इन मौसमी प्रणालियों का दिख रहा असर
मौसम विभाग के अनुसार झारखंड और उससे सटे बिहार के ऊपर बने ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण, उत्तरी बिहार से उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक बनी द्रोणिका तथा उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश और दक्षिणी छत्तीसगढ़ के ऊपर सक्रिय एक अन्य चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम तथा कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो रही है।
