27 C
Kolkata
Monday, April 13, 2026

बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव की जमानत याचिका पर टली सुनवाई

पटना। बिहार में पूर्णिया से निर्दलीय लोकसभा सांसद पप्पू यादव की जमानत याचिका पर सुनवाई टाल दी गई। पटना सिविल कोर्ट को ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद एमपी-एमएलए कोर्ट समेत पूरे न्यायालय परिसर को खाली करा लिया गया। सुरक्षा कारणों से कोर्ट की कार्यवाही स्थगित कर दी गई, जिसके चलते पप्पू यादव की बेल पर सुनवाई टल गई और फिलहाल उन्हें बेऊर जेल में ही रहना होगा। सोमवार सुबह पटना सिविल कोर्ट को आरडीएक्स और आईईडी से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला। इसके बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया। एमपी-एमएलए कोर्ट को भी एहतियातन खाली कराया गया। जगह-जगह तलाशी अभियान चला और कोर्ट की नियमित कार्यवाही प्रभावित हुई। इसी वजह से पप्पू यादव की जमानत याचिका पर सुनवाई संभव नहीं हो पाई। उल्लेखनीय है कि पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात 31 साल पुराने एक मामले में गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी ऐसे समय हुई, जब वे नीट छात्रा की मौत के मामले को लेकर लगातार सरकार और प्रशासन पर हमलावर थे। इस मुद्दे पर उन्होंने कई बार सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों से सवाल उठाए थे। सांसद की गिरफ्तारी के बाद उनके समर्थन में राजनीतिक हलचल तेज हो गई। रविवार को पटना में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘पप्पू यादव को रिहा करो’ के पोस्टर के साथ प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पोस्टर भी जलाए गए। वहीं, दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी पप्पू यादव और नीट छात्रा को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ, जिसमें पीड़िता की मां और परिजन भी शामिल हुए।

Related Articles

नवीनतम लेख