हजारीबाग | जिले में रामनवमी पर्व की शुरुआत मंगला जुलूस के साथ हर्षोल्लास से हुई। सड़कों पर भारी संख्या में उमड़े राम भक्तों के उत्साह ने पूरे शहर को ‘जय श्री राम’ के जयकारों से गूंजा दिया। भगवा वस्त्र धारण किए हुए भक्तों ने जुलूस को और भव्यता प्रदान की, जिसमें शहर और गांव के लोग झूमते-नाचते शामिल हुए। इस अवसर पर छह से अधिक विभिन्न अखाड़ों के जुलूस निकले, जो कई मार्गों से गुजरते हुए महावीर स्थान पर पहुंचे और वहां विधिपूर्वक पूजा-अर्चना संपन्न की गई।
महासमिति अध्यक्ष पद के उम्मीदवारों ने किया शक्ति प्रदर्शन
मंगला जुलूस के दौरान राम भक्तों की भारी भीड़ सड़कों पर देखने को मिली। सुरक्षा व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया था। इसी बीच महासमिति अध्यक्ष पद के दावेदार एक साथ नजर आए। उन्होंने कहा कि चुनाव अपनी जगह है, लेकिन मंगला जुलूस की भव्यता के साथ हजारीबाग के रामनवमी का ये स्वरूप अनूठा है। सभी राम भक्त बिना किसी भेदभाव के एकजुट होकर इस भव्य आयोजन में शामिल हैं, यही इस पर्व की सुंदरता को दर्शाता है।
जुलूस की निगरानी करते दिखे उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक
मंगला जुलूस के दौरान हजारीबाग के उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह और पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने रूट का निरीक्षण करने के लिए सड़कों पर मौजूदगी दर्ज कराई। दोनों अधिकारी झंडा चौक से ग्वालटोली चौक तक पैदल चले और विभिन्न स्थानों पर मुस्तैद पुलिसकर्मियों से सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। मौके पर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक प्रबंध किए गए हैं। उन्होंने सभी से आपसी भाईचारे को बनाए रखते हुए उत्साहपूर्वक पर्व मनाने की अपील की। उनके अनुसार, मंगला जुलूस से रामनवमी पर्व का औपचारिक शुभारंभ होता है और आने वाले दिनों में पूरा शहर उत्सव के रंग में सराबोर हो जाएगा। उन्होंने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की सख्त चेतावनी भी दी।
एसपी अंजनी अंजन की अपील
पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने लोगों को रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए विश्वास दिलाया कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक प्रमुख चौराहे पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है और कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। एसपी ने आग्रह किया कि लोग उल्लासपूर्वक त्योहार मनाएं, लेकिन कानून को हाथ में लेने से बचें। इसके साथ ही उन्होंने अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट साझा ना करने की चेतावनी दी। ऐसा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।


