29 C
Kolkata
Thursday, May 14, 2026

राकांपा की बैठक में ग्राम सभा अधिकार और जनजाति कल्याण के मुद्दों पर हुई चर्चा

पूर्वी सिंहभूम। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा की ओर से शुक्रवार को जमशेदपुर के मानगो नगर क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें ग्राम सभा के अधिकार, जनजाति कल्याण, रोजगार सृजन और स्थानीय विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता मानगो नगर निगम क्षेत्र प्रभारी तन्मय सरकार ने की, जबकि संचालन महानगर अध्यक्ष सौरव ओझा ने किया। बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं नगर निकाय प्रभारी डॉ. पवन पांडेय, प्रदेश उपाध्यक्ष अनवर हुसैन, जिला अध्यक्ष जितेन्द्र मिश्रा सहित कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए डॉ. पवन पांडेय ने कहा कि झारखंड सरकार द्वारा पेशा कानून को लागू करना एक ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने बताया कि यह कानून झारखंड गठन से पूर्व से लंबित था और इसे लागू होने में लगभग 25 वर्ष लग गए। उन्होंने कहा कि इस कानून के जरिए ग्राम सभाओं को संवैधानिक अधिकार मिले हैं, जिससे जनजाति समुदाय के संरक्षण और स्वशासन को मजबूती मिली है।

डॉ. पांडेय ने कहा कि अब ग्राम सभाओं की जिम्मेदारी पहले से कहीं अधिक बढ़ गई है और उन्हें इन अधिकारों का उपयोग कर जनजाति समाज को रोजगार और विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।

डॉ. पांडेय ने गुवा गोली कांड का जिक्र करते हुए कहा कि इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों को शहीद का दर्जा दिया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि मृतक परिवारों के सदस्यों को तत्काल सरकारी नौकरी प्रदान की जाए। उन्होंने कहा कि यह जिम्मेदारी वर्तमान सरकार की है और यदि इस मामले में सरकार देरी करती है, तो राकांपा आंदोलन का रास्ता अपनाएगी।
बैठक में उपस्थित नेताओं ने जनजाति कल्याण, ग्राम सभा अधिकारों के प्रभावी क्रियान्वयन, स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार सृजन और क्षेत्रीय विकास से जुड़े विषयों पर अपने विचार साझा किए। बैठक के अंत में डॉ. पवन पांडेय ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन, जनजाति अधिकारों की रक्षा और शहीद परिवारों को न्याय दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर अनवर हुसैन, जितेन्द्र मिश्रा, सौरव ओझा, तेजपाल सिंह टोनी, कन्हैया अग्रवाल, विनोद सिंह, मनोज मलहान, आशुतोष कुमार सिंह सहित अन्य वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

नवीनतम लेख