चाईबासा। भारतीय जनता पार्टी की पश्चिमी सिंहभूम जिला अध्यक्ष गीता बालमुचू को भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय के अधीन सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ओडिशा मिनरल्स डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड (ओएमडीसी) का स्वतंत्र निदेशक नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया।
भाजपा के पश्चिमी सिंहभूम जिला मीडिया प्रभारी जितेन्द्र नाथ ओझा ने गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में इसकी जानकारी दी।
भाजपा ने बताया आदिवासी समाज का सम्मान
प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि गीता बालमुचू की नियुक्ति केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि झारखंड, कोल्हान, पश्चिमी सिंहभूम और आदिवासी समाज के सम्मान का प्रतीक है। पार्टी के अनुसार केंद्र सरकार विभिन्न सार्वजनिक उपक्रमों और महत्वपूर्ण संस्थानों में आदिवासी समाज के प्रतिनिधित्व को लगातार बढ़ावा दे रही है।
संगठन और जनसेवा का लंबा अनुभव
भाजपा के अनुसार गीता बालमुचू लंबे समय से संगठन से जुड़ी रही हैं। वह चाईबासा नगर परिषद की अध्यक्ष रह चुकी हैं और पांच वर्षों तक नगर के विकास कार्यों का नेतृत्व किया। वर्ष 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें चाईबासा विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया था। उन्होंने संगठन में भी कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है।
पार्टी ने कहा कि पश्चिमी सिंहभूम में अधिकांश जनप्रतिनिधि झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस से होने के बावजूद भाजपा ने उन पर भरोसा जताते हुए जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। अब ओएमडीसी में स्वतंत्र निदेशक के रूप में उनकी नियुक्ति उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता की पहचान है।
नीतिगत निर्णयों में निभाएंगी भूमिका
भाजपा के अनुसार ओडिशा मिनरल्स डेवलपमेंट कंपनी देश के प्रमुख खनन सार्वजनिक उपक्रमों में शामिल है। स्वतंत्र निदेशक के रूप में गीता बालमुचू कंपनी के नीतिगत निर्णयों, पारदर्शिता, सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण संरक्षण और जनहित से जुड़े विषयों में अपनी भूमिका निभाएंगी।
पार्टी ने विश्वास जताया कि उनकी नियुक्ति से खनिज संपदा वाले आदिवासी क्षेत्रों की आवाज राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक प्रभावी ढंग से उठेगी। साथ ही इसे आदिवासी समाज, विशेषकर महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणादायी कदम बताया।
