बुडापेस्ट। भारत के ओलंपिक कांस्य पदक विजेता अमन सहरावत ने बुडापेस्ट रैंकिंग सीरीज 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों के 57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग का स्वर्ण पदक जीत लिया। वहीं 61 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में दीपक ने कांस्य पदक अपने नाम कर भारत की झोली में दूसरा पदक डाला।
फाइनल में अमन की शानदार जीत
पोल्याक इमरे, वर्गा जानोस और कोजमा इस्तवान मेमोरियल सीनियर रैंकिंग टूर्नामेंट के फाइनल में 22 वर्षीय अमन सहरावत ने जॉर्जिया के रोबर्टी डिंगाशविली को 13-3 से तकनीकी श्रेष्ठता के आधार पर हराकर स्वर्ण पदक जीता।
अमन इससे पहले पेरिस ओलंपिक में भारत के सबसे युवा व्यक्तिगत पदक विजेता बन चुके हैं। वह अंडर-23 विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने वाले भारत के पहले पहलवान भी हैं।
दीपक ने कांस्य पदक किया अपने नाम
61 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग के कांस्य पदक मुकाबले में दीपक ने अजरबैजान के नूरद्दीन नोवरुजोव को 9-8 से हराकर तीसरा स्थान हासिल किया।
भारत को दो और पदकों की उम्मीद
65 किलोग्राम फ्रीस्टाइल वर्ग में भारत के कुमार मोहित कांस्य पदक के मुकाबले में कजाकिस्तान के नाचिन कुलार से भिड़ेंगे। वहीं विशाल कालीरामन तीसरे स्थान के लिए कजाकिस्तान के ओस्सुमझान दस्तानबेक का सामना करेंगे।
गुरुवार से प्रतियोगिता में पुरुषों के 79, 92, 97 और 125 किलोग्राम वर्ग के मुकाबले खेले जाएंगे। इसी दिन भारतीय महिला पहलवान भी 50 और 55 किलोग्राम वर्ग में अपने अभियान की शुरुआत करेंगी।
भारत के पदक विजेता
- स्वर्ण पदक (57 किलोग्राम फ्रीस्टाइल): अमन सहरावत
- कांस्य पदक (61 किलोग्राम फ्रीस्टाइल): दीपक
