35.9 C
Kolkata
Friday, June 19, 2026

गरियाबंद जिले को आज मिलेगी 600 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों की सौगात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज सूरजपुर और गरियाबंद जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे गरियाबंद जिले को कुल 600 करोड़ 31 लाख 32 हजार रुपये की भारी-भरकम लागत वाले 75 विकास कार्यों की बड़ी सौगात देंगे। मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर दोनों जिलों में प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

सूरजपुर में शपथ ग्रहण और गरियाबंद में विकास कार्यों की झड़ी

मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) से प्राप्त जानकारी के अनुसार निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 11 बजे राजधानी रायपुर से सूरजपुर के लिए रवाना होंगे। सूरजपुर में वे स्थानीय नगरीय निकाय के नवनिर्वाचित अध्यक्ष और पार्षदों के शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत करेंगे।

इस कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री दोपहर करीब एक बजे गरियाबंद के लिए प्रस्थान करेंगे। गरियाबंद के पुलिस परेड ग्राउंड में दोपहर करीब 3 बजे विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की गरिमामयी मौजूदगी में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित होगा। इस मंच से सीएम साय गरियाबंद क्षेत्र के लिए विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे।

कचना धुरवा गोंडवाना भवन का लोकार्पण और आदिवासी सम्मेलन

निर्धारित शेड्यूल के तहत मुख्यमंत्री शाम 4 बजे नवनिर्मित कचना धुरवा गोंडवाना भवन के लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद वे दर्रिपारा ग्राम का रुख करेंगे, जहां आयोजित आदिवासी समाज के विशेष कार्यक्रम में वे हिस्सा लेंगे और स्थानीय लोगों से संवाद करेंगे।

इस पूरे दौरे और कार्यक्रमों में राज्य के कृषि एवं आदिम जाति कल्याण मंत्री रामविचार नेताम सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और शासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे।

Related Articles

नवीनतम लेख