रांची : राजधानी में बीती रात चुटिया थाना इलाके में थार से लोगों को रौंदने वाले आरोपी अतुल चड्डा उर्फ आयुष कुमार (32) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उसके ब्लैक कलर की थार रॉक्स और सैमसंग कंपनी का स्मार्ट फोन जब्त कर लिया है। पूरे मामले में चौंकाने वाली बात यह है कि यह कोई तेज रफ्तार का कहर या हदसा नहीं, बल्कि सोची-समझ कर किया गया मर्डर है। इस बात का खुलासा रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने मीडिया के सामने किया है।
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया जा रहा है कि मारा गया शख्स धर्मेन्द्र कुमार और आरोपी अतुल चड्डा उर्फ आयुष कुमार का पुराना याराना था। लेकिन चंद रुपयों की वजह से दोनों के दोस्ती में दरार आ गयी। लंबे वक्त से दोनों के बीच लफड़ा-झगड़ा चल रहा था। चुटिया के अमरावती कॉलोनी में एक गृहप्रवेश का कार्यक्रम था। धर्मेन्द्र और अतुल दोनों अपने दोस्तों के साथ वहां पहुंचे। थोड़ी ही देर में दोनों के बीच फिर से गाली-गलौज और बहस शुरू हो गई। अतुल गुस्से से लाल-पीला हो गया। इल्जाम है कि अतुल ने आव देखा न ताव, अपने दोस्त के साथ थार रॉक्स गाड़ी धर्मेन्द्र कुमार पर चढ़ा दी। इस हमले में धर्मेन्द्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। साथ ही गाड़ी के तेज रफ्तार चलने से छह और लोग भी गंभीर रूप से घायल हो गए।


